बिशारतगंज के ऑटो चालक से विवाद: देर रात युवक की गोली मारकर कर दी हत्या
बरेली। सेटेलाइट पर बुधवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का किसी ऑटो चालक से विवाद हुआ था। जिसके बाद ऑटो चालक ने अपने साथियों संग बाइक सवार युवक को ईसाइयों की पुलिया पर घेरकर गोली मार दी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। दरअसल सेटेलाइट के एक होटल में बिशारतगंज के रहने वाले गौरव गोस्वामी ने काना खाया। खाना खाने के बाद वापस निकल रहे थे तभी होटल के बाहर निकलकर सेटेलाइट पर आए और एक ऑटो चालक से विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गौरव बाइक से निकलने लगे तो ऑटो चालक अपने साथियों संग पीछा करते हुए ईसाइयों की पुलिया की तरफ आ गया। जहां ऑटो चालक व उसके साथियों ने गौरव के साथ मारपीट और गाली गलौज की। इस बीच ऑटो चालक के किसी साथी ने फायरिंग कर दी।
जिसमें गौरव को गोली लग गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए गंगा चरण अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वारदात के बाद ऑटो बरामद कर लिया। जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए जिनकी तलाश की जा रही है।बताया जा रहा है कि बुधवार की दोपहर गौरव गोस्वामी अपने चचेरे भाई आकाश गोस्वामी के साथ विशारतगंज से तेहरे भाई मनोज गोस्वामी से ग्राम कुल्छा शाही मिलने गए थे। बाद में उसी के साथ बरेली आ गए जहां मनोज अपने दोस्त लकी लभेड़ा व उसके दोस्त आकाश राठौर से मिले। सभी ने सेटेलाइट के होटल पर खाना खाया। यहां से निकलने के बाद ही सारा विवाद शुरू हुआ था। एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि होटल पर खाना खाने के बाद ऑटो चालक से विवाद हुआ था। बिहारी सोनकर नाम के युवक ने गौरव पर फायर किया था। मृतक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नैतिक सोनकर, बिहारी सोनकर, ऑटो चालक अनस, राजा, अभय, शेखर, समीर, चंदन, समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, बाकियों की तालश की जा रही है।