दस साल पहले दूसरी शादी; दो किशोरों का किया कत्ल, फिर बीवी और दो बेटियों संग आत्मदाह; बहराइच कांड की कहानी
बहराइच में दो किशोरों की हत्या कर पत्नी और दो बच्चियों के साथ किसान ने आत्मदाह कर जान दे दी। छह मौतों से निंदुरपुरवा टेपरहा गांव दहल उठा। लहसुन की बोआई से इनकार करने पर हत्या का आरोप है। बहराइच में लहसुन की बोआई से इनकार करने पर निंदुरपुरवा टेपरहा गांव निवासी किसान विजय कुमार मौर्य ने बुधवार सुबह दो किशोरों की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को परिवार सहित कमरे में बंद कर आग के हवाले कर दिया। दोनों ने बताया कि एक वर्ष पूर्व सड़क हादसे में इकलौते पुत्र की मौत के बाद से विजय की मानसिक स्थिति सही नहीं थी। वह आए दिन पत्नी व बच्चियों से भी मारपीट करता था।
22 वर्ष पूर्व बिहार से आकर बसा था विजय
बुधवार सुबह खेत में लहसुन की बोआई के लिए विजय ने गांव निवासी सूरज यादव (14), सनी वर्मा (13) और किशन यादव (15) को घर बुलाया। सूरज और सनी ने महानवमी होने के कारण काम करने से इनकार कर दिया। नोकझोंक के बीच विजय ने किशन को लकड़ी काटने के लिए घर से बाहर भेज दिया। सूरज और सनी से गुस्साए विजय ने घर के आंगन में धारदार से वार कर दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद मवेशियों व खुद को पूरे परिवार के साथ कमरे में बंद कर रसोई गैस सिलिंडर की मदद से आग लगा ली।आग भड़कने पर पूरा परिवार चीखने लगा। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े, लेकिन आंगन में लहूलुहान सूरज और सनी के शवों को देखकर सभी के होश उड़ गए। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड और रामगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह दरवाजा तोड़कर आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भीतर बंद पूरे परिवार और मवेशियों की मौत हो चुकी थी।
आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं
मौके पर पहुंचे आईजी देवीपाटन मंडल अमित पाठक ने बताया कि परिवार सहित आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। सूरज और सनी की धारदार हथियार से हत्या की गई है। इसके बाद विजय कुमार ने कमरे के अंदर परिवार व मवेशियों को बंद कर आग लगा ली।