मूर्ति विसर्जन हादसा: बिलखता पिता, दहाड़े मारकर रोती मां, बेटा तो किसी ने खो दिया पति,रुला देंगी तस्वीरें
आगरा के खेरागढ़ के गांव कुसियारपुर में दिवाली से पहले ऐसा हादसा हुआ, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। किसी ने बेटा तो किसी ने पति को खो दिया। घटनास्थल से लेकर गांव तक परिवार के लोग आंसू बहाते रहे। नवरात्र आते ही गांव कुसियारपुर के घरों में खुशी का माहाैल था। दिवाली की तैयारी चल रही थी। मगर इससे पहले ही हादसे ने खुशियां छीन लीं। दो परिवारों के चिराग बुझ गए। किसी ने बेटा खो दिया तो किसी ने पति। दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ था। दहाड़े मारकर रोती मां, बिलखते पिता और बेसुध हुई बहनों को देखने वालों के कलेजे कांप उठे। डूबने वालों को गांव के लोग और रिश्तेदार सांत्वना देते रहे।
– 15 वर्षीय सचिन उर्फ महावीर के पिता रामवीर सिंह मार्बल कारीगर हैं। वह दो भाई हैं। बड़ा भाई अंकित 18 साल का है। बहन खुशबू है।
– 22 वर्षीय भगवती के पिता मुरारीलाल किसान हैं। भगवती की शादी को आठ महीने हुए थे। पत्नी चंचल को बुरा हाल था। भगवती का पता नहीं चल सका है।
– 20 वर्षीय गजेंद्र के पिता रेवती प्रसाद किसान हैं। गजेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा है। इंटरमीडिएट का छात्र है। दो बहनों की शादी हो चुकी है। छोटी बहन आरती है।
– 14 वर्षीय मनोज के पिता रामनिवास किसान हैं। मां राजन देवी को जैसे ही पता चला कि बेटा डूब गया है तो वो बेहाल हो गईं। वह रोये जा रही थीं। रात में एसडीआरएफ की टीम ने शव बाहर निकाला। मनोज चार भाइयों में सबसे छोटा था।
– 21 वर्षीय करन के पिता रामवीर किसान हैं। करन भी काम में सहयोग करता था। वह पत्थर का कारीगर भी है। वह तीन भाई और एक बहन हैं। 4 साल पहले उसकी शादी सपना से हुई थी। उसका एक साल का बेटा विनय है। मां सामंती देवी को बेटे के डूबने का जैसे ही पता चला, वो बेहाल हो गईं। सदमे में गिर पड़ीं। उन्हें रिश्तेदार और परिवार के लोगों ने संभाला।