‘तुझे मरवा दूंगा…’, पत्नी की बेवफाई और उसके प्रेमी की धमकियां, वकील पति ने सुसाइड नोट लिख दी जान
बरेली में शादी के 11 साल बाद इंस्टाग्राम पर हुए प्यार के बाद दो बच्चों को छोड़कर जाने और वकील पति की आत्महत्या के मामले में पत्नी कोमल पर कानूनी शिकंजा कसा गया है। इस मामले में कोमल, उसके प्रेमी शामली निवासी अमर समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यह था मामला
कैंट के चनेहटी निवासी कमल कुमार सागर बरेली कचहरी में एक वरिष्ठ अधिवक्ता के यहां प्रैक्टिस करते थे। रविवार को उन्होंने सल्फास की गोलियां खा लीं। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार सुबह अधिवक्ता ने दम तोड़ दिया। वकील कमल ने जहर खाने से पहले एक सुसाइड नोट तैयार किया था, जिसे परिजनों ने पुलिस को सौंप दिया।
‘मेरी पत्नी दो मासूम बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई’
इसमें उन्होंने लिखा है कि मेरी पत्नी दो मासूम बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई है। वह तीन महीने से उसी के साथ रह रही है। मैं ये सहन नहीं कर पा रहा हूं। इसलिए जान दे रहा हूं। पोस्टमार्टम हाउस पर मिले कमल के पिता राजेंद्र सागर ने बताया कि उनकी पुत्रवधू छह महीने से शामली निवासी अमर कुमार से बात कर रही थी और तीन महीने पहले अपने दोनों बच्चों को छोड़कर उसी के पास चली गई थी।
‘एक भूखंड बेचकर उसके हिस्सा की रकम दे दो’
तीन दिन पहले बहू ने कमल को कॉल की थी। कहा था कि मुझे तलाक चाहिए। एक भूखंड बेचकर उसके हिस्सा की रकम दे दो। बच्चों को भी ले जाने की बात कही थी। राजेंद्र ने आरोप लगाया कि अमर ने भी कमल को धमकी दी थी तुझे मरवा दूंगा। इसके बाद कमल ज्यादा परेशान था। राजेंद्र ने इन आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर दी, जिस पर मुकदमा दर्ज हो गया है।
सुसाइड नोट के साथ पत्नी और उसके प्रेमी के फोटो छोड़े
कमल ने माता-पिता को संबोधित करते हुए सुसाइड नोट में लिखा है कि बच्चों को किसी कीमत पर उनकी मां (वकील की पत्नी) के हवाले मत करना। अगर ऐसा हुआ तो बच्चों के साथ भी अनहोनी हो सकती है। सुसाइड नोट के साथ वकील ने पत्नी और उसके प्रेमी के फोटो, वीडियो व सोशल मीडिया चैट के स्क्रीनशॉट छोड़े हैं। इनमें से कुछ आपत्तिजनक भी हैं।