मकान मालिक की लापरवाही पड़ी भारी: छत गिरने से महिला की मौत, दो बच्चे हुए घायल
गुरुग्राम में शनिवार तड़के एक किराए के मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं बेटा और बेटी घायल बताए जा रहे हैं। पति बिहारी मुखिया की शिकायत पर मकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। छत पर टंकी व टपकाव की शिकायत पहले से ही की थी। गुरुग्राम सेक्टर-9 थाना क्षेत्र में धनवापुर फाटक सूर्य विहार के पास शनिवार की अल सुबह करीब 3.30 बजे एक घर की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
इस घटना में दो बच्चे भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृत महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मृतका की पहचान मधुबनी (बिहार) के रामनगर निवासी सुनीता (36) के रूप में हुई है। मृत महिला सुनीता के पति बिहारी मुखिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह धनवापुर फाटक सूर्य विहार के पास ए-ब्लॉक में मकान नंबर-140 में किराये पर रहता है और अर्जुननगर में गणपति प्रिंटिंग प्रेस चलाता है।
शादी का सीजन होने के कारण वह पिछले कई दिनों से रात को काम के बाद प्रेस के कार्यालय में ही सो रहा था। कमरे पर उसकी पत्नी सुनीता, बेटा रोहित (17) व बेटी अंजली (15) रहते हैं। बिहारी मुखिया ने पुलिस को बताया कि कमरे की छत पर पानी की टंकी रखी हुई थी और छत से पानी टपकता था। उन्होंने बताया कि कमरे की छत से पानी की टंकी हटवाकर रिपयेर कराने के बारे में कई बार मकान मालिक को कहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई।
मकान मालिक की लापरवाही के कारण ही शनिवार की अल सुबह करीब 3.30 बजे छत के गाटर व पत्थर की टुकड़ी टूटकर नीचे गिर गए। छत गिरने से सुनीता को गंभीर चोटें लगी व दोनों बच्चे भी घायल हो गए। मकान की छत गिरने की सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाने की पुलिस माैके पर पहुंची और घायलों को निकालकर अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी अनिल ने बताया कि मृत महिला के पति की शिकायत पर मकान मालिक के खिलाफ धारा 209, 106 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को मृत महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।