समाज की रुढ़ियों को तोड़ने वाले इस परिवार को सलाम, सास ने मां बनकर किया बहू का कन्यादान
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक सास ने मां बनकर अपनी बहू का कन्यादान किया। बेटे की मौत के बाद विधवा बहू के जीवन में उसने रंग भर दिए। सास ने जिस तरह समाज की रुढ़ियों को तोड़ते हुए कदम बढ़ाए, उसकी खूब तारीफ हो रही है। आगरा के बरौली अहीर में हुई शादी चर्चा का विषय बन गई है।
सास ने अपनी विधवा बहू के लिए लड़का ढूंढा और बेटी की तरह धूमधाम से उसकी शादी कर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। सास ने बहू की मां की भूमिका निभाते हुए अपने हाथों से कन्यादान किया और अन्य रस्में निभाई। विवाह के बाद उन्होंने बहू को उसके नये ससुराल विदा किया।
दो साल पहले हुई थी बेटे की मौत
फिरोजाबाद के बिहारी नगर की रहने वाली 67 वर्षीय कुसुमलता के बेटे की लंबी बीमारी के चलते 4 जनवरी 2023 को मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद जवान बेटे की मौत ने उन्हें तोड़कर रख दिया। बेटे की विधवा बहू का दर्द उन्होंने समझा और उसके लिए लड़का तलाशना शुरू कर दिया। कुसुमलता ने मंगलवार को गांव श्यामो निवासी विशाल जैन पुत्र स्व. ललित जैन के साथ श्यामो स्थिति हनुमान मंदिर में अपनी विधवा पुत्रवधु की शादी कराई।