वाहन के उड़े परखच्चे: कम्बल ले लौट रहे युवको की कार पेड़ से टकराने पर, दो की मौत व एक गंभीर रूप से घायल
जिले में सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर जहानागंज थाने की पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों से जानकारी लेने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, घायल का इलाज अस्पताल में करवाया जा रहा है। आजमगढ़–गाजीपुर मार्ग पर नगर पंचायत जहानागंज बाजार क्षेत्र के भुजही मोड़ से कुछ आगे रविवार सुबह करीब 6:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया।
गाजीपुर से आजमगढ़ की ओर आ रही मारुति ओमनी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। ओमनी में कुल तीन लोग सवार थे।
मृतकों की पहचान शशि सिंह (40) निवासी ग्राम सेमऊर, जखनियां (गाजीपुर) और तौफीक (25) निवासी दुल्लहपुर के रूप में हुई है। शशि सिंह जखनियां बाजार में ‘प्रिन्सी गारमेंट्स’ के नाम से दुकान चलाते थे, जबकि तौफीक दुल्लहपुर में कपड़ा व जूता-चप्पल की दुकान के संचालक थे। हादसे में वाहन चालक बुलेट (30)निवासी दुल्लहपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।