कनपटी पर असलहा सटाकर मांगी थी रंगदारी: बदमाश का हुआ हाफ एनकाउंटर: पुलिस ने दाैड़ाकर मारी गोली
आजमगढ़ की पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसका साथी भाग निकला। बदमाश क्लीनिक संचालक से रंगदारी मांगने का आरोपी है। आजमगढ़ में थाना अहरौला क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी वांछित हिस्ट्रीशीटर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की गई है। सीओ बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार की देर रात थाना अहरौला पुलिस रात्रि गश्त व संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त शेरा सिंह यादव उर्फ शेरू यादव अपने साथी अंगद यादव के साथ मोटरसाइकिल से गहजी पश्चिम पट्टी होते हुए दुर्वासा की ओर जा रहा है।
सूचना पर विश्वास कर पुलिस टीम ने ग्राम पश्चिम पट्टी महलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बाइक सवार अभियुक्तों ने असलहा लहराते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में शेरा सिंह यादव उर्फ शेरू यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसका साथी अंगद यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान शेरा सिंह यादव उर्फ शेरू यादव निवासी ग्राम कोर्राघाटमपुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह थाना अहरौला का हिस्ट्रीशीटर और 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।