बिहार के भागलपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सबौर रेलवे स्टेशन के पास ब्रह्मपुत्र मेल से एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को डायल-112 की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। आरोपी युवक घटना के बाद खुद भी ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। पीड़िता की पहचान रश्मि खातून (19) के रूप में हुई है। उसने बताया कि मोहम्मद सीटू (21) के साथ पिछले दो वर्षों से उसका प्रेम संबंध था। चार दिसंबर को आरोपी शादी का झांसा देकर उसे घर से भगा कर दिल्ली ले गया। हालांकि दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन पहुंचते ही सीटू उसे अकेला छोड़कर फरार हो गया। बाद में जीआरपी की मदद से परिजनों को सूचना दी गई और थाने में आपसी समझौते के बाद सभी लोग वापस भागलपुर लौट रहे थे।
घटना 12 दिसंबर की है। रश्मि अपनी मां और आरोपी के साथ ब्रह्मपुत्र मेल से भागलपुर लौट रही थी। जब ट्रेन सबौर स्टेशन के पास धीमी हुई, तब सीटू ने रश्मि से उसका मोबाइल मांगा। मोबाइल देने से इनकार करने पर वह आक्रोशित हो गया और रश्मि को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। उस समय रश्मि की मां कोच के बाथरूम में थीं। शोर मचने पर यात्रियों ने घटना की जानकारी दी। रश्मि को सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कहलगांव रेफरल अस्पताल भेज दिया गया। पीड़िता की मां ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी का मोबाइल बंद है और वह फरार है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने भरोसा करके आरोपी के साथ दिल्ली जाने का फैसला किया था, लेकिन आरोपी ने न केवल धोखा दिया बल्कि उसकी जान लेने की कोशिश भी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।