दिल दहला देने वाली घटना, पिता और दादी ने की दो मासूम बच्चों की हत्या, फिर आरोपी पिता ने कर ली आत्महत्या
केरल के कन्नूर जिले से मानवता और पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी मां के साथ मिलकर अपने ही दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह खौफनाक कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि बच्चों को उनकी अलग रह रही मां को सौंपने की अदालत की समय-सीमा नजदीक आ चुकी थी।
यह घटना कन्नूर जिले के पय्यानूर क्षेत्र अंतर्गत रामंथली गांव की है। पुलिस जांच में आशंका जताई जा रही है कि कलाधरन नामक व्यक्ति और उसकी मां उषा ने बच्चों को दूध में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया, जिससे दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटनास्थल से दूध का बर्तन और कीटनाशक की एक बोतल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार कलाधरन और उसकी पत्नी नयनतारा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और दोनों अलग रह रहे थे। नयनतारा ने बच्चों की कस्टडी पाने के लिए पुलिस से संपर्क किया था, जिसके बाद अदालत ने कलाधरन को बच्चों को पत्नी को सौंपने का आदेश दिया था। पुलिस ने बच्चों के हस्तांतरण के लिए घटना से एक रात पहले कलाधरन से संपर्क भी किया था। बच्चों की हत्या के बाद कलाधरन ने स्वयं भी आत्महत्या कर ली। मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले में अप्राकृतिक मृत्यु का केस दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले साल 2024 में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब बेंगलुरु निवासी 39 वर्षीय एआई स्टार्टअप की सीईओ सूचना सेठ को गोवा के एक लग्जरी होटल में अपने चार वर्षीय बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में भी पारिवारिक विवाद और तलाक की प्रक्रिया को एक अहम वजह माना गया था। कन्नूर की यह घटना एक बार फिर पारिवारिक विवादों के भयावह परिणामों की ओर इशारा करती है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।