आठवीं की छात्रा की संदिग्ध साइलेंट हार्ट अटैक से मौत, नहाते समय बाथरूम में हुई बेहोश
राजस्थान के बूंदी जिले के देई थाना क्षेत्र के बांसी कस्बे में मंगलवार को आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा की बाथरूम में नहाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया है। घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार बांसी कस्बे निवासी महेश कुमार सोनी की पुत्री हर्षिता सोनी कक्षा आठ की छात्रा थी। घटना के समय उसकी मां काम से कोटा गई हुई थी, जबकि पिता अपनी ज्वैलर्स की दुकान पर थे। हर्षिता घर के कार्य निपटाने के बाद छत पर बने बाथरूम में नहाने चली गई।
काफी देर तक बाथरूम से पानी बहता रहा, लेकिन किशोरी बाहर नहीं निकली। इस पर परिजनों को शंका हुई और वे छत पर पहुंचे। आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलने पर हर्षिता अचेत अवस्था में फर्श पर पड़ी मिली।परिजन तत्काल उसे बांसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार कुमावत ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल लाए जाने से पहले ही किशोरी की मौत हो चुकी थी। वह करीब एक घंटे से अधिक समय तक अचेत अवस्था में रही थी और शरीर पर किसी प्रकार की चोट या अन्य लक्षण नहीं पाए गए। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने किसी तरह परिवार को संभाला। गमगीन माहौल में किशोरी का अंतिम संस्कार किया गया।