तेरही के भोज में शामिल युवक की गोली मारकर हत्या,पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर जिले के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के बबुरा गांव में मंगलवार की रात करीब आठ बजे तेरही का निमंत्रण खाने आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक को कनपटी के पास गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। बबुरा गांव निवासी बृजभान तिवारी की मां का निधन हुआ था, जिसके चलते मंगलवार की शाम तेरही का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इसी कार्यक्रम में गांव का ही निवासी 27 वर्षीय स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू भी शामिल होने पहुंचा था। ग्रामीणों के अनुसार, छोटू भोजन की तैयारी कर ही रहा था कि इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। बात करते हुए वह कार्यक्रम स्थल से कुछ दूर तालाब की ओर चला गया। थोड़ी देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि छोटू गोली लगने से लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरा पड़ा था।
परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजय दुबे ने बताया कि इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. रविराज ने युवक को देखा, प्रथम दृष्टया मामला गनशॉट का पाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की। थाना प्रभारी शेषनाथ शुक्ला ने बताया कि युवक की मौत हो चुकी है, मामले की गहन जांच की जा रही है। संदिग्धों की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी है।