इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक ने 17वीं मंजिल से कूदकर जान दी,पुलिस को मौके से मिला एक सुसाइड नोट
नोएडा। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के एग्जेक्युटिव डायरेक्टर की 17वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना सेक्टर-104 की हाईराइज सोसायटी में शनिवार सुबह की है। सूचना पर पहुंची सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने मामले की जांच की। मौके से कोई स्यूसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से कानपुर निवासी अजय गर्ग IOC के दिल्ली दफ्तर में तैनात थे। नोएडा सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हेमलेट सोसायटी के फ्लैट में पत्नी मयूरी गर्ग के साथ रहते थे। उनका बेटा मुंबई में नौकरी करता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शनिवार सुबह करीब 10:20 पर अजय अपनी पत्नी से कुछ देर बात करने के बाद मोबाइल पर बात करते हुए बालकनी में थे। अंदर नेटवर्क नहीं था। इसी दौरान वह नीचे गिर गए।निवासियों ने देखा तो एंबुलेंस से अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा था या फिर आत्महत्या। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। परिजनों और सोसायटी के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।