मंदिर के दीपक से लगी आग; घर के अंदर 4 साल की बच्ची की आग से झुलस कर हुई मौत
लखनऊ में घर के अंदर जलकर 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। वह अपनी 6 साल की बहन के साथ कमरे में सो रही थी। कमरे में ही एक छोटा मंदिर है। उसमें रखे दीपक से आग पर्दे में लगी, फिर पूरे कमरे में फैल गई।
इसी बीच बड़ी बहन तो उठकर कमरे से बाहर भाग गई, लेकिन 4 साल की बच्ची आग में ही झुलस गई। हादसा इंदिरानगर थाना क्षेत्र के सुगामऊ हनुमंतपुरम की डूडा कॉलोनी में हुआ।
सुगामऊ हनुमंतपुरम की डूडा कॉलोनी में सुमित कुमार रहते हैं। वह पत्नी के साथ सब्जी लेने गए थे। तभी उनके घर में हादसा हो गया। सुमित ड्राइवरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वह कुछ बोलने से पहले ही फफक पड़ते हैं।
बोले- रात 9 बजे लगी आग
सुमित ने खुद को संभालते हुए बताया- शुक्रवार रात करीब 9 बजे कमरे में आग लग गई। कमरे में दोनों बेटियां पंखुड़ी और अविका सो रही थीं। आग की लपटें देख पंखुड़ी बाहर भाग गई, जबकि छोटी बेटी आग की चपेट में आ गई।
पंखुड़ी बाहर निकलकर चिल्लाई। आसपास के लोगों ने इकट्ठा होकर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। धुआं भर जाने के कारण अविका किसी को दिखाई नहीं दी। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने उसे बाहर निकाला।
गंभीर हालत में उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टर ने लोहिया हॉस्पिटल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
सब्जी खरीद रहे थे तभी सूचना मिली
पिता सुमित ने बताया- वह काम से आने के बाद घर से कुछ दूरी पर पत्नी शिल्पी के साथ सब्जी लेने गए थे। तभी उन्हें घर में आग लगने की सूचना मिली। वहां से वह वापस पहुंचे तो बच्ची को गंभीर हालत में पाया। सी साल बच्ची का सीआईएस स्कूल में प्री नर्सरी में एडमिशन कराया था।