प्रतापगढ़: “प्यार के आगे हारी ममता” बच्चों व पति को छोड़, रचाई मंदिर में शादी
प्रतापगढ़ जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां दो बच्चों की मां ने अपने प्रेमी से शादी कर ली, जिसमें उसका पति भी मौजूद था। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।पति ने शनिवार रात अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ रंगे हाथ पकड़ा। इसके बाद पति ने तत्काल आसपुर देवसरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी को थाने ले आई।
थाने में दिनभर पंचायत चलती रही। इस दौरान पत्नी अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही और उसने अपने पति के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया।बताया गया कि दोनों की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। उनके दो बेटे हैं, दोनों बच्चे अपनी मां के साथ जाने को तैयार नहीं हुए।पति ने सामाजिक सहमति से अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ शिव मंदिर में करवा दी। आसपुर देवसरा थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपस में सुलह-समझौता कर लिया था और देर शाम थाने से चले गए थे। उन्होंने मंदिर में शादी करने की सूचना मिलने की पुष्टि की। यह घटना पूरे क्षेत्र में कौतूहल का विषय बनी हुई है।