दिल दहला देने वाली घटना: शराब के नशे में धुत चाचा ने भतीजी का सिर कुचला
उत्तर प्रदेश के एटा जिले के कोतवाली क्षेत्र जलेसर के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसमा के नगला पुन्नी गांव में एक ऐसी क्रूर घटना घटी है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। शराब के नशे में धुत चाचा ने अपनी ही भतीजी पर पत्थर से निर्मम हमला कर दिया। भतीजी का सिर फट गया, वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। वह फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, आज देर शाम भतीजी खेतों से शौच कर घर लौट रही थी।
गांव के बाहर रास्ते पर उसका चाचा, जो शराब के नशे में पूरी तरह बेकाबू था, अचानक उसके सामने आ गया। नशे की हालत में उसने भतीजी को खींचतान शुरू कर दी। जब भतीजी ने विरोध किया और चीख-पुकार मचाई, तो क्रोधित चाचा ने पास पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाया और उस पर टूट पड़ा।पत्थर के क्रूर प्रहार से भतीजी का सिर बुरी तरह फट गया। खून से लथपथ होकर वह जमीन पर गिर पड़ी। चाचा ने उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद वह घर पहुंचा, लाठी-डंडा लेकर फिर से खूनी मंसूबों के साथ बाहर निकला, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत भतीजी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि भतीजी की हालत बेहद नाजुक है। सिर पर गहरी चोट, अत्यधिक रक्तस्राव और बेहोशी के कारण वह जिंदगी-मौत की लड़ाई लड़ रही है। परिजन अभी भी सदमे में हैं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से पहले इलाज को प्राथमिकता दे रहे हैं।
यह घटना परिवार के भीतर की क्रूरता और नशे की विभीषिका का खौफनाक उदाहरण है। पूरा गांव इस अमानवीय कृत्य से सदमे में है। आरोपी चाचा अब भी फरार है, जबकि पुलिस मामले की तहकीकात शुरू कर सकती है। क्या ऐसे रिश्तों में भरोसा टूटने के बाद भी समाज चुप रहेगा? यह सवाल अब हर किसी के जेहन में है।