शराब के लिए हैवान बना बेटा: पिता, पत्नी और बेटे पर चला दी ब्लेड, पुलिस ने किया गिरफ्तार
तालकटोरा के सरीपुरा सोमैया विहार में शनिवार शाम शराब के लिए रुपये न देने पर युवक ने पिता, पत्नी और पांच साल के बेटे पर ब्लेड से वार कर दिया। इससे तीनों को चोट आई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। मुकेश के पिता श्रमिक कालीचरण के अनुसार, उनका बेटा शराब का आदी है और कुछ नहीं करता है। शनिवार शाम करीब पांच बजे नशे की हालत में घर पहुंचा और शराब के लिए रुपये मांगने लगा।

रुपये देने से मना करने पर वह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने उनकी गर्दन पर ब्लेड मार दिया। शोर सुनकर उनका पोता दिव्यांश व मुकेश की पत्नी सोनम मदद के लिए पहुंची तो आरोपी ने उन पर भी ब्लेड से वार कर दिया। दिव्यांश के बाएं कान के नीचे व पत्नी सोनम के गाल पर बाईं तरफ चोट लगी।

पड़ोसी मदद के लिए पहुंचे तो आरोपी उनसे भी उलझ गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप दुबे ने बताया कि आरोपी मुकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।