प्रतापगढ़ में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को रोडवेज बस ने कुचला, दाहिना पैर कटा,चालक गिरफ्तार
प्रतापगढ़ के चौक घंटाघर क्षेत्र में 2 फरवरी की सुबह एक रोडवेज बस ने मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को कुचल दिया। जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें महिला को कुचलते हुए रोडवेज बस निकल जाती है। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था। यह घटना 2 फरवरी की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस ने मीनू खंडेलवाल नामक महिला को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह बस के नीचे आ गई। आनन-फानन में महिला को प्रयागराज के एक निजी अलका हॉस्पिटल में ले जाया गया। बस के पहिए के नीचे आते ही महिला का दाहिना पैर पिस गया। जिसके बाद डॉक्टरों को इलाज के दौरान पैर को काटना पड़ा। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें साफ दिख रहा है कि हादसे के बाद भी चालक ने बस नहीं रोकी

पीड़ित महिला मीनू खंडेलवाल ने बताया कि वह मार्निंग वाक के बाद योगा के लिए जा रही थी तभी लापरवाह बस चालक ने उनको टक्कर मार दी। बस चालक की लापरवाही का खामियाजा अब उन्हें जीवन भर अपाहिज रहकर चुकाना होगा। घायल मीनू ने रोडवेज चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। नगर कोतवाल सुभाष कुमार यादव ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस हादसे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।