प्रतापगढ़ में डीजे बंद होने पर बाराती-घराती आपस में भिड़े:4 गंभीर घायल, शादी समारोह में मची भगदड़, 9 के खिलाफ एआईआर दर्ज
प्रतापगढ़ जिले में एक शादी समारोह में डीजे बंद करने को लेकर बाराती और लड़की पक्ष के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए और भगदड़ मच गई। वायरल वीडियो में झड़प की पूरी स्थिति नजर आ रही है।
घटना दिलीपपुर थाना क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस की है। देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहनगंज बाजार निवासी अमित गुप्ता की बारात, दिलीपपुर थाना क्षेत्र के सुरेश गुप्ता के भाई स्वर्गीय कमलेश गुप्ता के यहां आई थी। जलपान और द्वारपूजा के बाद, रात करीब 10:30 बजे डीजे संचालक रामजी मोदनवाल ने पुलिस अधीक्षक और बोर्ड परीक्षा का हवाला देते हुए डीजे बंद कर दिया।
इसी बात पर लड़की पक्ष के एक व्यक्ति से कहासुनी हुई, जो जल्दी ही मारपीट में बदल गई। घटना कमलेश गुप्ता की बेटी की विदाई के अगले दिन की बताई जा रही है। वायरल वीडियो एक दिन पुराना बताया जा रहा है।
झड़प में भगदड़ और घायल
मारपीट के दौरान भगदड़ मच गई। डीजे संचालक रामजी मोदनवाल को भी अराजकतत्वों ने गाली देकर दौड़ाया। घायलों की पहचान लल्लू गुप्ता, शुभम गुप्ता (35), रामजी मोदनवाल (50) और कौशल कुमार (42) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष बलराम सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी और तहरीर देने के लिए बुलाया गया था। वीडियो के आधार पर बारात में मारपीट और भगदड़ के इस मामले में दो नामजद सात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।