महिला की सिलबट्टे से कूचकर हत्या:सास, ससुर, पति समेत 9 के खिलाफ एफआईआर
गोरखपुर के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के मिर्जवा सरदार गांव में शनिवार को सिलबट्टे से कूचकर 32 साल की स्नेहलता की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने महिला के भाई की तहरीर पर पति, ससुर समेत ससुराल पक्ष के 9 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। महिला के तीन बच्चे हैं। इसमे दो बड़ी बच्चियां शनिवार सुबह स्कूल गई थीं। जबकि ढाई साल का बेटा घर पर था। पुलिस की एक टीम बच्चों का बयान ली है। जिससे पति और ससुर पर हत्या की आंशका भी जाहिर की गई थी। इसके बाद से ही दोनों से पूछताछ शुरू कर दी गई थी।
मिर्जवा सरदार गांव के साधु शरण मौर्य की पत्नी स्नेहलता की शनिवार दिन में करीब 11 बजे हत्या कर दी गई थी। स्नेहलता के भाई अमित मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां ने फोन कर सूचना दी कि स्नेहलता के सिर में गंभीर चोट लगी है। सूचना मिलने पर वह घर से निकले और रास्ते में बहनोई साधु शरण से फोन पर घटना के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने बताया कि किसी कारणवश स्नेहलता घायल हो गई है और गांव वाले उसे एम्स लेकर जा रहे हैं। अमित के अनुसार जब वह एम्स पहुंचे तो उनकी बहन की मौत हो चुकी थी।

महिला के शरीर पर मिले चोट के निशान
उसके सिर, मुंह, हाथ और पैर पर गंभीर चोट के निशान थे। गले पर भी रस्सी के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन की सुनियोजित तरीके से किसी भारी वस्तु से मारकर हत्या की गई है।
तहरीर में गोपीनाथ, साधु शरण, रामू, उसकी पत्नी साधना, रामू की मां, बहन वंदना, छोटे बहनोई और बड़े बहनोई को आरोपी बनाया गया है। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब विस्तार से जानिए पूरा मामला…
मिर्जवा सरदार निवासी साधु शरण बाराबंकी स्थित आईटीआई संस्थान में शिक्षक हैं। उनकी पत्नी स्नेहलता (32) शनिवार को दिन में करीब 11 बजे घर में खून से लथपथ हालत में मिली। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एम्स ले गए,जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से खून से सना सिलबट्टा बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
तीन बच्चों की मां थी स्नेहलता
स्नेहलता तीन बच्चों की मां थीं। घटना के वक्त उनकी दो बेटियां स्कूल गई थीं, जबकि ढाई वर्षीय बेटा घर पर मौजूद था। पति साधु सरन मौर्य भी शुक्रवार को घर आए थे और शनिवार सुबह अपनी मां को लेने फरेंदा स्थित ननिहाल गए थे। रास्ते में ही पत्नी की मौत की सूचना मिलने पर वह लौट आए। स्नेहलाता का मायका गगहा थानाक्षेत्र के आसपार गांव में है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस संबंध में एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि महिला के भाई की तहरीर पर ससुराल पक्ष पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना को कब और कैसे अंजाम दिया गया है, इसका पता लगाया जा रहा है। आगे साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।