छोटे भाई की हत्या कर जमीन में गाड़ा: खेत में काम करते समय सिर में मारी गोली
मेरठ में बड़े भाई ने 30 साल के छोटे भाई की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। फिर बाइक से 1 किलोमीटर दूर जंगल में लाश ले गया। वहां 5 फीट गहरा गड्ढा खोदकर लाश दफना दी। 23 दिन बाद गुरुवार को मौसी की शिकायत पर पुलिस ने बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया- मैं भाई की 20 बीघा जमीन हड़पना चाहता था। इसलिए 5 मई को खेत में उसके सिर में गोली मार दी। फिर गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया। पुलिस ने बड़े भाई की निशानदेही पर गड्ढा खोद कर लाश को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना बहसूमा थाना क्षेत्र की है।
मौसी की शिकायत पर पुलिस एक्टिव हुई
गांव महमूदपुर सिखेड़ा के रहने वाले बाबूराम के पास 60 बीघा जमीन है। उनके 3 बेटे कपिल, अंकुर और अंकित थे। कपिल और अंकुर गांव में रहकर खेती-किसानी करते थे, जबकि अंकित सेना में जवान है। 5 मई को अंकुर अचानक लापता हो गया। परिवार और रिश्तेदार लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन अंकुर का पता नहीं चल रहा था। गुरुवार को अंकुर की मौसी जगबीरी बहसूमा थाने पहुंची। उन्होंने शिकायत देते हुए बताया- मुझे शक है कि कपिल ने अपने सबसे छोटे भाई अंकुर को मार डाला है।
सभी लोग उसे खोजने में लगे हैं, लेकिन कपिल का व्यवहार बदला हुआ है। वह उसे खोजने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा। इसके बाद पुलिस गांव पहुंची और कपिल को थाने ले आई। पुलिस की पूछताछ में कपिल ने अपना जुर्म कबूल लिया। उसने बताया कि मेरा भाई अंकुर 5 मई को खेत में काम कर रहा था। तभी मैंने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। फिर उसकी लाश को जंगल में ले गया और गड्ढा खोदकर उसी में दफना दिया। फिर मैं घर आ गया। बाद में भाई को खोजने का नाटक करता रहा।
20 बीघा जमीन के लालच में हत्या की
कपिल ने बताया- मेरी शादी मवी गांव की रहने वाली पिंकी से हुई थी। मेरे दो बेटे और एक बेटी है। मेरी साली रेखा की शादी छोटे भाई अंकुर से हुई थी। करीब 5 साल पहले रेखा ने सुसाइड कर लिया था। अंकुर की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 5 और 7 साल है। दोनों बेटियां मेरी मौसी के पास ही रहती हैं। अंकुर के कोई बेटा नहीं था। हम तीन भाइयों के बीच 60 बीघा जमीन है। मुझे डर था कि 20 बीघा जमीन अंकुर की बेटियों के नाम हो जाएगी। मैं वह जमीन हासिल करना चाहता था। इसलिए मैंने अपने भाई को मारने का प्लान बनाया। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस आरोपी को लेकर खेत पहुंची। वहां उसके सामने गड्ढा खोदकर अंकुर की लाश को बाहर निकाला।
पुलिस बोली- भाई को खोजने का नाटक करता रहा
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया- अंकुर की मौसी की शिकायत पर आरोपी बड़े भाई कपिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। उसने बताया कि जमीन के लालच में उसने अपने छोटे भाई की हत्या कर शव खेत में दबा दिया था।
कई दिनों तक वह भाई को खोजने का नाटक करता रहा। लेकिन, उसकी मौसी को उसके व्यवहार को लेकर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने शिकायत दी। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।