डबल मर्डर से दहला बागपत : लगातार मिलती रहीं धमकियां, न मिली सुरक्षा, इसलिए बढ़ी हिस्ट्रीशीटर की हिम्मत
बागपत के बड़ौत में मंगलवार शाम को लगभग पौने छह बजे टेंट व्यापारी सोहनलाल (60) और उनके इकलौते बेटे विकास (28) की दुकान में घुसकर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने से बाइक सवार राहगीर रोहित निवासी पट्टी चौधरान भी घायल है।


जिसके जवाब में व्यापारी ने भी फायरिंग की। गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर के भाई कपिल की मौत हो गई, जबकि वरुण ने वहां से भागकर जान बचाई। कपिल की हत्या का बदला लेने के लिए हिस्ट्रीशीटर वरुण ने कई बार व्यापारी सोहनलाल को धमकी दी। इससे भयभीत व्यापारी सोहनलाल ने पुलिस अफसरों से शिकायत की। परिजनों के अनुसार पिछले दस साल में व्यापारी सोहनलाल ने कई बार अफसरों से शिकायत की। व्यापारी को सुरक्षा नहीं मिलने से हिस्ट्रीशीटर के हौसले बुलंद हो गए और मंगलवार शाम को इस तरह खुलेआम घटना को अंजाम दे दिया।


पुलिसकर्मियों से शव छीनकर किया हंगामा
विकास की मौत होने के बाद पुलिसकर्मी शव पोस्टमार्टम हाउस में लेकर जाने लगे, तभी वहां आए परिजनों ने शव छीनकर पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस अफसरों ने उन्हें समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे नहीं माने। काफी देर हंगामा होने के बाद परिजनों से शव लेकर पुलिसकर्मियों ने जांच शुरू की। परिजनों का आरोप है कि जान का खतरा जताने पर भी उनके परिवार को सुरक्षा नहीं दी गई।

जिला अस्पताल में ठप मिली बिजली आपूर्ति
गोली लगने से घायल विकास का उपचार कराने के लिए परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने विकास की जांच शुरू की, लेकिन बिजली आपूर्ति ठप होने से जांच नहीं हो सकी। इस दौरान विकास की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

फरवरी में हुई थी शादी, चार माह में उजड़ गई दुनिया
टेंट व्यापारी सोहनलाल के इकलौते बेटे विकास की शादी फरवरी माह में हरिद्वार की रहने वाली नेहा के साथ हुई थी। उसकी पत्नी दो माह की गर्भवती है। शादी के चार माह बाद ही विकास की हत्या से नेहा की दुनिया ही उजड़ गई। उधर, पति और बेटे की हत्या के बाद उषा देवी बेहोश हो गई, जिन्हें परिजनों ने संभाला।

व्यापारी बोले, दोहरे हत्याकांड की साजिश में अन्य लोग भी शाामिल
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठे व्यापारी अजय गर्ग, अंकुर जैन, सत्यपाल अग्रवाल, रवि गर्ग आदि ने कहा कि दोहरे हत्याकांड की साजिश रचने में हिस्ट्रशीटर वरुण के परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हैं। उन्होंने हिस्ट्रशीटर के साथियों और साजिश में शामिल आरोपियों का भी एनकाउंटर कराने की मांग की।

हाईवे पर देर रात तक लगा रहा जाम, वाहन चालक रहे परेशान
बड़ौत बस अड्डे के पास व्यापारियों ने मंगलवार देर रात तक दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर रखा। इससे वाहन जाम में फंसे रहे और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। देर रात तक जाम लगा होने के कारण पुलिस ने बागपत की तरफ से जाने वाले वाहनों को पूर्वी यमुना नहर की पटरी से निकाला तो शामली की तरफ से आने वाले वाहनों को छपरौली चुंगी से नहर की पटरी से होते हुए बागपत भेजा गया। इस तरह वाहन चालकों को जूझना पड़ा।

पुलिस पर देरी से पहुंचने का लगाया आरोप
व्यापारी आकाश, संजीव आदि ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस चौकी महज 100 मीटर दूर है। वहां पर गोली चलते ही लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस देरी से पहुंची। व्यापारियों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने दूसरे बदमाशों को पकड़ने के बजाय पकड़े गए बदमाश को उनसे छुड़ाना शुरू कर दिया।

जमानत पर आने के बाद की वारदात
जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद 17 जुलाई 2016 को वरुण लुहारी ने अपने भाई कपिल समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर विकास की दुकान पर पहुंचकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। उस समय व्यापारी पक्ष की तरफ से लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग की गई। दोनों पक्षों की फायरिंग में गोली लगने से वरुण के भाई कपिल की मौत हो गई।

वहीं व्यापारी विकास और राजेश अग्रवाल घायल हो गए थे। इस मामले में दोनों पक्षों के कई लोग जेल भेजे गए थे, तभी से हिस्ट्रीशीटर वरुण और टेंट व्यापारी सोहनलाल में रंजिश चल रही है। वरुण कई बार व्यापारी सोहनलाल को धमकी दे चुका था।
