चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 31.2 किलो अवैध गांजा बरामद, शातिर तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी। चंदौली थाना मुगलसराय व स्वॉट/सर्विलांस पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चकिया तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की सघन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की। मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध Hyundai Santro कार (नंबर OR02 AK 8591) को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अतहर फारुकी पुत्र सुल्तान फारुकी, निवासी बरेज पोस्ट बेलौड़ी, थाना मोहनिया, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार, उम्र लगभग 28 वर्ष के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर कुल 17 पैकेटों में 31 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह बिहार से गांजा लाकर वाराणसी एवं आसपास के जनपदों में सप्लाई करता था और आर्थिक लाभ अर्जित करता था। बरामद गांजा भी बिक्री हेतु ले जाया जा रहा था। इस संबंध में थाना मुगलसराय पर मु0अ0सं0-286/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक स्वॉट रामजनम यादव मय टीम, प्रभारी सर्विलांस आशीष मिश्रा मय टीम, उ0नि0 शिवपूजन बिन्द (चौकी प्रभारी रेलवे कॉलोनी), का0 अभिषेक कुमार तथा का0 अमित कुमार यादव शामिल रहे।