पीएम मोदी ने एनडीए नेताओं के साथ चखा झालमुड़ी का स्वाद,सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पीएम को अपने हाथों से दीं झालमुड़ी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में बुधवार को एनडीए की बैठक में साथी एनडीए नेताओं के साथ झालमुड़ी का स्वाद चखा।इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीएम को अपने हाथों से झालमुड़ी दी।इसको लेकर भाजपा ने कहा, झालमुड़ी का स्वाद,साथियों का विश्वास और राष्ट्रहित का संकल्प,एनडीए परिवार के साथ प्रधानमंत्री का आत्मीय पल।
बता दें कि देश भर के एनडीए नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने के रिकॉर्ड बनाने को लेकर बधाई दी।पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं,इसके साथ ही पीएम मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इसी क्रम में पीएम मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में देश भर के एनडीए नेताओं के साथ बैठक की।केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने और भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने हुए सरकार प्रमुख के तौर पर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए एनडीए की बैठक हो रही है।
भारत मंडपम में होने वाली इस बड़ी बैठक में देश भर से भाजपा के बड़े नेताओं के अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेता,मुख्यमंत्री,उपमुख्यमंत्री और गठबंधन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए नेताओं के साथ दिल्ली के भारत मंडपम में ग्रुप फ़ोटो के लिए पोज़ दिया।
क्या है झालमुड़ी
झालमुड़ी पश्चिम बंगाल के सबसे लोकप्रिय स्ट्रीट फ़ूड में से एक है और खास तौर पर कोलकाता से जुड़ा है।यह स्नैक मुरमुरे को भुनी हुई मूंगफली,कटे हुए प्याज़,टमाटर,उबले आलू और मसालों के मिक्चर के साथ मिलाकर बनायी जाती है।यह नाम दो बंगाली शब्दों से मिलकर बना है। झाल, जिसका मतलब है मसालेदार और मुरी,जिसका मतलब है मुरमुरे।अपने तीखे और मसालेदार स्वाद के लिए मशहूर, झालमुड़ी की खासियत सरसों के तेल का इस्तेमाल है, जो स्नैक को उसकी खास तीखी खुशबू और स्वाद देता है।
पीएम मोदी का झालमुड़ी मोमेंट
यह पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी को इस मशहूर बंगाली झालमुड़ी का मजा लेते देखा गया है। 19 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने एक पब्लिक रैली को संबोधित करने के बाद अचानक झारग्राम में सड़क किनारे झालमुड़ी स्टॉल पर रुके।पीएम मोदी ने एक स्थानीय वेंडर से थोड़ी देर बात की,झालमुड़ी खरीदी और स्टॉल पर जमा लोगों से कुछ देर बातें कीं।इस बातचीत ने सोशल मीडिया पर तुरंत ध्यान खींचा,कई लोगों ने इसे कैंपेन के दौरान का एक दिल को छू लेने वाला और बिना स्क्रिप्ट वाला पल बताया। वीडियो को 100 मिलियन से ज़्यादा व्यूज़ भी मिल चुके हैं।