पूर्व-विधायक के बेटे ने पत्नी के सीने में गोली मारीः खुद भी जान दी, ढाई लाख के गबन का चल रहा था केस
फिरोजाबाद में पूर्व विधायक के बेटे ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया। घटना शनिवार रात 9:15 बजे की है। गोली चलने की आवाज सुनकर घरवाले और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां विधायक के बेटे और उनकी पत्नी खून से लथपथ पड़े थे।
पत्नी के सीने में और पूर्व विधायक के बेटे के सिर में गोली लगी थी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। परिवार से बात कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रॉपर्टी विवाद में वारदात की बात कही जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अब जानिए पूरा मामला…
मूलरूप से डाहिनी गांव में रहने वाले राकेश यादव (67) के पिता जगदीश यादव विधायक रह चुके हैं। अभी वह सुभाष तिराहा, शिकोहाबाद में रहते थे। राकेश भी गांव के प्रधान रह चुके हैं। वह एक इंटर कॉलेज के मैनेजर भी थे। कॉलेज की कृषि भूमि से संबंधित करीब ढाई लाख रुपए के कथित गबन के मामले में उनके खिलाफ कोर्ट में मुकदमा चल रहा था।
शनिवार को इसी मामले की तारीख होने की वजह से वह कोर्ट गए थे। घरवालों के अनुसार, कोर्ट से लौटने के बाद वह काफी तनाव में थे। देर रात उन्होंने अपनी पत्नी राममूर्ति देवी (66) की छाती में लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार दी। इसके बाद खुद अपने सिर में गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर घरवाले मौके पर पहुंचे। दोनों को अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने राकेश यादव को शिकोहाबाद में ही मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राममूर्ति देवी को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत एकत्र किए। पुलिस को मौके से लाइसेंसी रिवाल्वर मिली, जिसकी जांच की जा रही है। राकेश के भांजे गौरव यादव ने बताया कि जमीनी विवाद और उससे जुड़े मुकदमों को लेकर राकेश यादव लंबे समय से मानसिक तनाव में थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राणा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला मानसिक तनाव और जमीनी विवाद से जुड़ा लग रहा है। लाइसेंसी रिवाल्वर से घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।