बॉयफ्रेंड ने दोस्त संग दो नाबालिग बहनों से किया रेपः छोटी बहन बगीचे में बेहोश हुई, मऊ में बड़ी वाली फंदे पर लटकी
मऊ में 16 साल की गर्लफ्रेंड से मिलने आए प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड और उसकी 13 साल की छोटी बहन से रेप किया। छोटी बहन के बेहोश होने पर दोनों आरोपी मौके से भाग गए। बड़ी बहन इतना डर गई कि अपने ही दुपट्टे से उसने फंदा लगा लिया। वहीं, छोटी बहन पास ही एक गड्ढे में बेहोश पड़ी रही। अगले दिन सुबह होश आने पर घर जाकर परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया।
घरवालों की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। बड़ी बहन के प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरे आरोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। मामला रानीपुर थाने का है।

अब पूरी घटना सिलसिलेवार पढ़िए…
सोमवार (8 जून) को दोनों लड़कियों के पिता मार्केट से शाम करीब 5 बजे साइकिल से घर लौट रहे थे। गांव से
करीब दो किमी पहले ही एक बाग में उनकी बेटियां दो लड़को से बात कर रही थीं। पिता ने दोनों बेटियों को डांटकर वहां से घर जाने के लिए कहा। इतनी देर में ही दोनों लड़के भी वहां से चले गए। हालांकि, पिता दोनों लड़कों को पहचानते नहीं थे।
पुलिस के अनुसार, पिता की मारपीट और डर की वजह से दोनों बेटियां घर नहीं जाती हैं। बड़ी बेटी किसी का फोन लेकर अपने बॉयफ्रेंड को कॉल करती है। इसके बाद उसका बॉयफ्रेंड प्रिंस अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचता है।
बड़ी बेटी के साथ उसका बॉयफ्रेंड प्रिंस संबंध बनाता है, जबकि उसके साथ आया दूसरा युवक छोटी बेटी के साथ रेप करता है। इसके बाद दोनों युवक वहां से चले जाते हैं। इस घटना से आहत बड़ी बेटी फंदा लगाकर सुसाइड कर लेती है, जबकि छोटी बेटी वहीं बेहोश हो जाती है।

पिता के अनुसार, शाम 7 बजे जब वह घर पहुंचे तो बेटियां घर में नहीं मिलीं। जब उसने अपनी पत्नी से पूछा तो उन्होंने बताया कि दोनों बिना बताए कहीं निकली हैं। इस पर उन्होंने कहा कि दोनों उसे बाग में मिली थीं तो उसने घर जाने के लिए बोला था। लेकिन दोनों घर नहीं पहुंची।
इसके बाद पिता ने परिवार के साथ मिलकर दोनों ढूंढने की कोशिश की। गांव में काफी देर तक ढूंढने पर भी जब नहीं मिलीं तो उन्होंने लोकलाज के डर के चलते सुबह तक इंतजार किया कि शायद सुबह दोनों घर आ जाएं।
सुबह सात बजे बदहवास घर लौटी छोटी बहन
सुबह करीब 7 बजे छोटी बेटी बदहवास हालत में घर में पहुंची। उसे देख घरवाले उसकी तरफ दौड़े और उसे घर में लेकर आए। उसे पीने के लिए पानी दिया तो वह रोने लगी। घरवालों ने पूछा कि तुम्हारी बहन कहां हैं तो उसने रोते हुए बताया कि उसे किसी ने मार दिया है। उसका शव जंगल में पेड़ से लटका पड़ा है।
इतना सुनते ही घर वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार के लोग बेटी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे तो वहां बेटी की लाश पेड़ से लटकती मिली। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया
छोटी बहन बोली- बर्फी खिलाकर बेहोश किया
पुलिस ने छोटी बहन से पूछताछ की तो उसने बताया वह दीदी के साथ यहां आई थी। दो लड़के आए थे उनसे मिलने के लिए। फिर पापा ने हमें उनसे बात करते देखा तो डांटकर घर जाने के लिए कहा। फिर हम वहां से हट गए। हम घर की ओर ही जा रहे थे।
दोनों लड़के रास्ते में फिर से मिले और बोले- चलो जगंल की ओर चलते हैं। मैं दीदी और उन लड़कों के साथ जंगल की ओर चली गई। वहां उन्होंने हमें बर्फी खिलाई। इसके बाद मुझे याद नहीं क्या हुआ।
सुबह जब मुझे होश आया तो देखा की मैं एक गड्ढे में गिरी पड़ी थी। वहीं, थोड़ी ही दूरी पर दीदी पेड़ पर फंदे से लटकी थीं। इसके बाद मैं तुरंत घर की ओर भागी और परिवार वालों को घटना के बारे में बताया।
दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस
एएसपी अनुप कुमार ने बताया- पुलिस ने छोटी लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया। कोर्ट के सामने उसका बयान दर्ज हुआ है।। दर्ज बयानों के आधार पर इस मामले में दो लोगों पर आरोप है। पुलिस ने दो आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दूसरे आरोपी का नाम भी सामने आ चुका है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।