10 करोड़ का 600 किलो गांजा जब्तः आटा-मैदा लदे कंटेनर में छिपाकर उड़ीसा से आगरा ले जा रहे थे, अलग रंग की बोरी से हुई पहचान
कानपुर में आटा लदे कंटेनर में गांजा की बड़ी खेप पकड़ी गई है। तस्करों ने इसे अलग रंग की बोरियों में भर रखा था। पकड़े गए गांजा का वजन 600 किलो से अधिक है। बाजार में इसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपए है। पुलिस ने इस कंटेनर को करीब 15 किमी पीछा करके पकड़ा है।
कंटेनर का मालिक ही गाड़ी को ड्राइव कर रहा था। उसके दो साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांजा की यह खेप उड़ीसा से लाई गई थी। इसे आगरा पहुंचाया जाना था। उसके पहले ही कानपुर में पुलिस ने इसे पकड़ लिया।
पुलिस ने रोका तो ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ाई, 15 किमी पीछा करके रोका
कानपुर क्राइम ब्रांच व रावतपुर पुलिस टीम को इस ट्रक का इनपुट मिला था। सोमवार की रात से ही पुलिस अलर्ट हो गई। मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे हरियाणा नंबर का कंटेनर दिखा। पुलिस ने तलाशी के लिए उसे रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने रोकने के बजाए रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने पनकी से करीब 15 किलोमीटर तक चले पीछा करने के बाद जीटी रोड पर घेराबंदी कर रोक लिया।
पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि इसमें आटा और मैदा की बोरियां लदी हुई हैं। पुलिस ने तलाशी की बात कही। ड्राइवर ने कंटेनर का गेट खोल दिया। उसमें आटा और मैदा से भरी ही बोरियां बरामद हुईं। लेकिन, अलग-अलग रंग की बोरियां दिखने पर पुलिस को शक हुआ। सफेद रंग की बोरियों में आटा और मैदा भरा हुआ था।
पीले रंग की बोरियां चेक करवाने को कहा तो ड्राइवर गोल-मोल जवाब देने लगा। पुलिस ने उन बोरियों को खुलवाया तो उसमें गत्ते भरे मिले। गत्तों को खोलने पर उसमें गांजा भरा हुआ मिला।
हरियाणा का ड्राइवर है, आगरा तक खेप पहुंचानी थी
पुलिस ने कंटेनर के ड्राइवर लियाकत अली को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह हरियाणा का रहने वाला है। उसके साथ जमशेद, जावेद और जुनैद भी थे, जो भाग गए। ड्राइवर ने बताया कि आगरा से पहले भी इसकी सप्लाई की जानी थी।
एडीसीपी क्राइम सुमित रामटेके ने कहा
” यह एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का मामला है। पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। अब तक की यह सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी मानी जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।