फर्राटा पंखे में उतरे करंट से विवाहिता की मौत: प्रतापगढ़ में घर की सफाई के दौरान हुआ हादसा
प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली क्षेत्र के रसूलहा गांव में रविवार दोपहर एक विवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। वह घर में साफ-सफाई कर रही थी। इस घटना के बाद परिवार में दुख का माहौल है। मृतका के दो नाबालिग बेटे हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं।
रसूलहा गांव की रहने वाली गीता देवी (40) पत्नी राधेश्याम पाल रविवार दोपहर करीब एक बजे घर की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने कमरे में रखा फर्राटा पंखा हटाने की कोशिश की। बताया गया कि पंखे में करंट आ गया था। करंट की चपेट में आने से गीता देवी बुरी तरह झुलस गईं और फर्श पर गिर पड़ीं।

कुछ देर तक परिवार के लोगों को इस हादसे का पता नहीं चला। बाद में जब उनकी नजर पड़ी तो गीता देवी पंखे के पास फर्श पर बेसुध पड़ी थीं। परिजनों ने तुरंत बिजली बंद की और उन्हें पंखे से अलग किया। इसके बाद वे इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले गए।
जिला पंचायत सदस्य संजय पाल की मदद से परिवार वाले गीता देवी को पट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर अखिलेश जायसवाल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।