अब जनसाधारण एक्सप्रेस का मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर होगा ठहराव, दिल्ली जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
प्रतापगढ़। जिले के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दानापुर से आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) के बीच चलने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस का अब मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर ठहराव होगा। रेलवे ने इस ठहराव को मंजूरी दे दी है। इसे जिले के यात्रियों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। ट्रेन के ठहराव से जिले के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिल सकेगा।
प्रतापगढ़ के दो सांसदों ने उठाया था, ट्रेन के ठहराव का मुद्दा
जनसाधारण एक्सप्रेस प्रतिदिन प्रतापगढ़ जंक्शन से होकर गुजरती है, लेकिन अब तक यहां इसका ठहराव नहीं होता था। लंबे समय से स्थानीय स्तर पर ट्रेन को प्रतापगढ़ में रोकने की मांग की जा रही थी। भाजपा के राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्या ने रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से मिलकर प्रतापगढ़ जंक्शन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों के ठहराव के सम्बन्ध में पत्र देकर मांग की थी।
समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने जनसाधारण एक्सप्रेस के प्रतापगढ़ जंक्शन पर ठहराव की मांग को लेकर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा को पत्र लिखा था। इसके अलावा उन्होंने राजधानी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों के ठहराव और नियमित संचालन से जुड़े मुद्दे भी सदन में उठाए थे।
वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार द्विवेदी भी लंबे समय से जनसाधारण एक्सप्रेस के ठहराव की मांग कर रहे थे। उन्होंने प्रतापगढ़ से तेज गति से गुजरने वाली ट्रेन के कई वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए और रेल मंत्रालय तक यात्रियों की समस्या पहुंचाने का प्रयास किया।
दिल्ली जाने वाले यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प
ट्रेन के ठहराव को मंजूरी मिलने के बाद प्रतापगढ़ के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए एक और ट्रेन का विकल्प मिल जाएगा। जानकारी के अनुसार जनसाधारण एक्सप्रेस रात करीब 9:30 बजे दिल्ली की ओर गुजरती है, जबकि वापसी में इसका समय करीब 12:45 बजे बताया जा रहा है। प्रतापगढ़ पहुँचने का समय बहुत अच्छा है।
फिलहाल प्रतापगढ़ जंक्शन से दिल्ली जाने के लिए यात्री मुख्य रूप से पद्मावत एक्सप्रेस और वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पर निर्भर रहते हैं। इन ट्रेनों में सीट मिलने में यात्रियों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनसाधारण एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों ने की ठहराव की पुष्टि
सांसद के पीआरओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि जनसाधारण एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखा गया था। अब प्रतापगढ़ जंक्शन पर ट्रेन के ठहराव की जानकारी मंडल रेल प्रबंधक की ओर से दी गई है। वहीं, सीएमआई नीरज सोमवंशी ने भी जनसाधारण एक्सप्रेस के प्रतापगढ़ जंक्शन पर ठहराव की पुष्टि की है। ट्रेन के रुकने से प्रतापगढ़ और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली की यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।
इन ट्रेनों में सीट न मिलने से यात्रियों को काफी दिक्कतें भी होती हैं। सांसद के पीआरओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि जनसाधारण एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर संसद ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखा था। इस ट्रेन के प्रतापगढ़ जंक्शन पर ठहराव होने की जानकारी मंडल रेल प्रबंधक से मिली है। वहीं सीएमआई नीरज सोमवंशी ने भी ट्रेन के ठहराव की पुष्टि की है।