राजा भइया की पत्नी भानवी सिंह का बड़ा आरोप, बोलीं- इंस्पेक्टर और विवेचक ने दर्ज कर लिए मनगढ़ंत बयान
प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक राजा भइया की पत्नी भानवी सिंह ने संपत्ति हड़पने के एक मामले में रविवार को एक्स पर एक पोस्ट की। पोस्ट के जरिये उन्होंने लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह और विवेचक पर उनके मनगढ़ंत बयान दर्ज करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। भानवी ने पोस्ट में प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, सीएम उप्र, केंद्रीय गृह सचिव, गृह सचिव उप्र और डीजीपी यूपी को टैग किया। लिखा कि उन्होंने कभी यह बयान नहीं दिया कि वह अपने पति और बहन को लेकर प्रेस वार्ता करेंगी। आरोप है कि इसके बावजूद इंस्पेक्टर ने चार्जशीट में प्रेस कांफ्रेंस करने की बात भी लिख दी। वहीं, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि भानवी ने कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी, संपत्ति हड़पने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने जो बयान दर्ज कराए उसके साक्ष्य भी हैं। वह चार्जशीट लगने के बाद बयान बदलवाना चाहती हैं। इसलिए उन्होंने यह आरोप लगाए हैं।