शादी की जिद, शक और गर्भवती होने का ड्रामा,जेसीबी चालक ने गलाघोंटकर कर दी हत्या,40 दिन बाद मिला कंकाल
यूपी के बिजनौर में शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका को जेसीबी चालक ने मार डाला। पुलिस ने 40 दिन बाद मंगलवार को युवती का कंकाल जंगल से बरामद किया। आरोपी ने प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की थी। युवती की तलाश के लिए चांदपुर पुलिस परिवार को टरकाती रही। शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका की जेसीबी चालक ने गलाघोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद चाकू से गला काट दिया और शव को गांव बवनपुरा के जंगल में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 40 दिन बाद मंगलवार को युवती का कंकाल जंगल से बरामद किया।
आरोपी ने पिछले डेढ़ वर्षों से संबंध में रही प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी जान ले ली। एएसपी देहात गौतम राय ने मंगलवार को बताया कि थाना चांदपुर में आठ नवंबर को गांव कुतुबपुर गांवड़ी निवासी रेखा देवी ने अपनी बेटी राखी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि राखी के माता-पिता को लग रहा था कि राखी अपने प्रेमी विकास के साथ शादी कर ली है। इसलिए उन्होंने पहले रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई। इस बीच उन्होंने कई बार राखी को फोन किया लेकिन फोन बंद मिला। पांच दिन पहले राखी के माता-पिता विकास के घर गए और राखी के बारे में पूछा तो विकास ने कहा कि उसे राखी के बारे में कुछ नहीं मालूम है। उसने किसी और के साथ शादी कर ली होगी। राखी के माता-पिता को विकास पर ही शक था। इसके बाद उन्होंने विकास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।