इंसानियत शर्मसार! पहले गैंगरेप, फिर शरीर के साथ बर्बरता,अब छत से नीचे फेंकी गई पीड़िता
बेगूसराय में मानवता को शर्मसार करने वाली एक बार फिर सनसनीखेज घटना सामने आई है। चार महीने पहले गैंगरेप का दर्द झेल चुकी पीड़िता पर अब बदमाशों ने जानलेवा हमला किया है। आरोप है कि केस वापस लेने का दबाव बना रहे बदमाशों ने महिला को उसके ही घर की छत से नीचे फेंक दिया। करीब 15 फीट नीचे गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि महिला फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना चकिया थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है. दरअसल, बीते 11 जून की रात इसी महिला के साथ पांच आरोपियों ने गैंगरेप किया था।
चार आरोपियों हो चुके हैं अरेस्ट, पांचवा था बाहर
दरिंदगी की हद पार करते हुए आरोपियों ने महिला के गुप्तांग में लकड़ी का टुकड़ा डाल दिया था. इस मामले में पांच में से चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि पांचवां आरोपी बाहर था। पीड़िता के पति का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। कई बार घर पहुंचकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
पीड़िता के पति का आरोप है कि सोमवार की रात बदमाश अचानक उनके घर पहुंचे। पहले उन्होंने आसपास रहने वाले उनके भाई के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और छिपकर बैठ गए। कुछ देर बाद जब उनकी भाभी ने दरवाजा खुलवाने के लिए पीड़िता को फोन किया तो महिला अपने कमरे से बाहर निकली। इसी दौरान दो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और घर की छत पर ले गए. आरोप है कि वहां से बदमाशों ने महिला को नीचे फेंक दिया।
लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से हुए फरार
करीब 15 फीट नीचे गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोग जुटने लगे तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता के पति का कहना है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे थे कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। वहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बदमाश सरकारी सहायता के रूप में मिले तीन लाख रुपये को लेकर भी दबाव बना रहे थे। उनका कहना था कि पीड़िता के पास 3 लाख रुपये हैं और वह रकम उन्हें दी जाए. जबकि पीड़िता का कहना है कि उसे सरकार की ओर से सिर्फ तीन लाख रुपये की सहायता मिली है।
डीएसपी निखिल कुमार ने क्या बताया?
इधर, घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस सक्रिय हुई और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. मामले को लेकर मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि गैंगरेप जैसी जघन्य घटना की शिकार महिला को आखिर कब तक न्याय के लिए डर और धमकियों के साये में जीना पड़ेगा? क्या आरोपियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होगी, जिससे पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।