रस्सी से बांधकर प्राइवेट पार्ट पर मारी लात, लखनऊ में महिला से लोगों ने क्यों की हैवानियत?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक झकझोर कर देने वाली घटना हुई है। यहां कुछ लोगों ने एक मानसिक तौर पर बीमार महिला के साथ हैवानियत की। पहले महिला को रस्सी से बांधा गया, फिर लोगों ने उसकी छाती और प्राइवेट पार्ट पर लात घूंसे मारे। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना लखनऊ में सुगामऊ की बताई जा रही है
पुलिस ने इस वायरल वीडियो पर संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह वारदात इंदिरानगर थाना क्षेत्र के सुगामऊ में बग्गी झोपड़ी में चोरी के शक में कुछ आसामियों ने अंजाम दिया है। इन लोगों ने मानसिक रूप से बीमार इस महिला को पकड़ कर बुरी तरह से पिटाई की है। इससे भी मन नहीं भरा तो इन लोगों ने महिला को रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद उसके प्राइवेट पार्ट पर हमले किए।
पुलिस बुलाने के बजाय खुद दी सजा
आरोपियों का तर्क है कि उन लोगों ने महिला को चोरी करते हुए पकड़ा था। बड़ी बात यह कि इसकी सूचना आरोपियों ने पुलिस को नहीं दी, बल्कि खुद ही कानून हाथ में लेकर महिला को सजा देने लगे। पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। पुलिस इस वीडियो के आधार पर आरोपियों और पीड़ित महिला की पहचान में जुटी है।
बचाव के लिए चीखती रही महिला
वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि 40 से अधिक लोग महिला को पीट रहे है। बचने के लिए महिला खूब चीख रही है, लेकिन किसी को उसके ऊपर तरस नहीं आ रही। पुलिस ने भी मामले को हल्के में लिया है। इंदिरानगर इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह के मुताबिक यह मामूली मारपीट का मामला है। इसमें दूसरे पक्ष के व्यक्ति को भी कुछ चोटें आईं है। वहीं, एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट ने इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है।