थाना प्रभारी के बिगड़े बोल, विवादित टिप्पणी को लेकर आक्रोश; प्रतापगढ़ के एसपी ने सीओ को सौंपी जांच
प्रतापगढ़। जिले के महेशगंज थाना प्रभारी के बोल बिगड़ गए। उनकी विवाहिदत बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ब्राह्मण समाज को लेकर उनके आपत्तिजनक बयान का ऑडियो रविवार को सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। एसपी ने प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंपी है।
क्या था मामला?
शनिवार शाम महेशगंज के एक गांव में ब्राह्मण परिवार के बीच आपसी विवाद हुआ था। घटना की जानकारी लेने और पुष्टि करने के लिए थाना प्रभारी राधे बाबू को फोन किया गया। बताया जाता है कि प्रसारित ऑडियो में बातचीत के दौरान थानाध्यक्ष ने संबंधित परिवार को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की। इस पर ब्राह्मण समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है। दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
लोगों में आक्रोश
लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री से लेकर एसपी तक मर्यादित आचरण व संवाद का संदेश देते हैं। ऐसे में एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी द्वारा किसी समाज विशेष पर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी का व्यवहार पहले भी कई बार विवादित रहा है।
एसएचओ ने दी सफाई
इस मामले में रूपेंद्र शुक्ल ने ऑडियो रिकार्डिंग व प्रार्थना पत्र संलग्न करते हुए उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। एसएचओ राधे बाबू का कहना है कि उनका कहने का आशय गलत शब्दों से नहीं जुड़ा है। शिक्षित ब्राह्मण समाज विवाद नही करता है।
ऑडियो संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंपी गई है। रिपोर्ट के अनुसार अगला कदम उठाया जाएगा।
– दीपक भूकर, एसपी