प्रतापगढ़ में बारात में आतिशबाजी को लेकर बवाल,जमकर चले लाठी डंडे,पुलिस ने दोनों पक्षों के 12 लोगों पर केस दर्ज किया, कई घायल
प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के खजुरनी गांव में निकाह समारोह के दौरान आतिशबाजी को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और हंगामे में बदल गई, जिससे बारात में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।जानकारी के अनुसार, खजुरनी गांव की एक युवती के निकाह के लिए देहात कोतवाली क्षेत्र के गुमान सिंह का पुरवा से बारात आई थी। आतिशबाजी के दौरान बारात में शामिल दो पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। जेल चौकी इंचार्ज प्रशांत दुबे ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण भी कराया है। पुलिस ने एक पक्ष के परवेज और शाहरुख खान निवासी गुमान सिंह का पुरवा तथा दूसरे पक्ष के सैफ अली और समीर निवासी सोनावा को नामजद किया है। इसके अलावा 7 से 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
शहर कोतवाल सुभाष यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। ऐसे में चौकी इंचार्ज की तरफ से स्वतः संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।