यूपी की एक और ‘मुस्कान’: इंस्टा पर प्यार और प्रेमी संग मिलकर पति का बेरहमी से कत्ल
बागपत के नौरोजपुर गुर्जर गांव में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। शुक्रवार रात सचिन (33) की पत्नी रचना ने अपने प्रेमी सोनू निवासी रंछाड़ के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। कीटनाशक के छिड़काव से सामान्य मौत दिखाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना के बाद प्रेमी भाग गया।

शनिवार सुबह गले पर निशान देखकर परिजनों को शक हुआ तो विकास के पड़ोसी के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें रात को दस बजे एक युवक सचिन के घर में आता हुआ और सुबह तीन बजकर 28 मिनट पर बाहर जाते हुए दिखाई दिया। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने रचना से पूछताछ की तो वह कीटनाशक दवाई के छिड़काव से पति की मौत होने की बात कहती रही। जब सख्ती दिखाई तो उसने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार ली। रचना ने बताया कि प्रेमी ने शुक्रवार को नशे की गोलियां लाकर दीं, जो पति को खीर में मिलाकर खिला दीं। पति के सोने पर प्रेमी को बुलाकर उसकी हत्या कर दी।

प्लानिंग के तहत दिया घटना को अंजाम
घटना को अंजाम देने के लिए रचना ने दरवाजा खुला रखा था। मौका पाते ही प्रेमी अंदर आ गया। रात में करीब 12 बजे तकिए से मुंह व गला दबाकर सचिन की हत्या कर दी। इसके बाद करीब साढ़े तीन घंटे तक दोनों मकान में ही रहे। महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, प्रेमी को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सूरज कुमार राय, एसपी
