बलरामपुर को 803 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री ने 78 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- विकास में नहीं आने देंगे कमी – योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी ने बलरामपुर के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक के महत्व को गिनाया
बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बलरामपुर को बड़ी सौगात दी। विकासखंड श्रीदत्तगंज के ग्राम बिलरिया में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 803 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 78 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, चेक, आवास स्वीकृति पत्र और चाबी देकर लाभान्वित किया तथा बलरामपुर की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर की धरती का ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मां पाटेश्वरी धाम ने हर परिस्थिति में इस सीमावर्ती क्षेत्र को देश और धर्म से जोड़े रखा। बलरामपुर आकर ऐसा लगता है जैसे अपने घर आया हूं। जनप्रतिनिधि मेहनत कर रहे हैं, सरकार विकास में कोई कमी नहीं आने देगी।
लाभार्थियों को किया लाभान्वित
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत विकास यादव और मो. शादाब को लैपटॉप, कस्टम हायरिंग सेंटर योजना में किरन वर्मा और हिमांशु यादव को चाबी, युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अजय कुमार पाल, हसन रजा और गुफरान अंसारी को 5-5 लाख के चेक, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में किशना देवी, उर्मिला देवी, संगीता और ननका देवी को आवास स्वीकृति पत्र तथा एनआरएलएम के तहत गुड़िया वर्मा और पिंकी को 45 लाख का चेक प्रदान किया गया।
बलरामपुर अब संभावनाओं का जनपद
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बलरामपुर पिछड़ा माना जाता था, आज आकांक्षी से संभावनाओं का जनपद बन रहा है। गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास हो रहा है। पिछले 10 साल में बलरामपुर को 10 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं के लिए धनराशि दी गई है।
विश्वविद्यालय का लोकार्पण प्रधानमंत्री से
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। भवन पूरा होने पर प्रधानमंत्री से लोकार्पण कराया जाएगा। अटल बिहारी वाजपेयी 1957 में पहली बार बलरामपुर से सांसद बने थे, उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज बन रहा है। रिंग रोड, चीनी मिल विस्तार, थारू जनजातीय संग्रहालय से जनपद को नई पहचान मिल रही है।
कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में भारत विरोधी गतिविधि और जनसांख्यिकी बदलने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसे तत्वों को पनपने नहीं दिया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। आपदा और मानव-वन्यजीव संघर्ष में 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जा रहा है। साढ़े नौ साल में 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
इस अवसर पर विधायक पल्टूराम, रामप्रताप वर्मा, कैलाशनाथ शुक्ला, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह मंजू, जिला पंचायत प्रशासक आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, आयुक्त दुर्गाशक्ति नागपाल, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।