पूरी रात पीटा फिर मार डाला, जला दी नाबालिग लड़की की लाश
उत्तर प्रदेश के कासगंज में झूठी शान की खातिर परिजन ने किशोरी की हत्या कर शव को शनिवार रात श्मशान में जला दिया। किशोरी दो दिन पहले गांव निवासी प्रेमी के साथ घर से आगरा चली गई थी। मामला ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव का है।सूचना पर रविवार सुबह पुलिस गांव पहुंची और पानी डालकर चिता को बुझाया, फिर अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजन घर पर ताला लगाकर भागे हुए हैं। एएसपी और सीओ ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। देर शाम को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दोनों ने खुलासा किया कि किशोरी प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। इस कारण उन्होंने उसकी हत्या कर दी।
गांव में रहने वाले किशोरी के प्रेमी के भाई ने रविवार सुबह यूपी 112 पर कॉल कर सूचना दी कि एक किशोरी की हत्या कर उसके परिजन ने शव को श्मशान में जला दिया है।जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और सीओ सदर आंचल चौहान भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गांव के प्रधान प्रतिनिधि, किशोरी के प्रेमी और उसके भाई से पूछताछ की। मृत किशोरी के घर पर ताला लगा था जिसे खुलवाकर पुलिस ने जांच की।
शनिवार शाम किशोरी के परिजन दोनों को आगरा से वापस लाए थे
इसके बाद परिजन ने रात में किशोरी की हत्या कर शव को जला दिया जबकि प्रेमी उनके चंगुल से बचकर भाग निकला। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि चिता को बुझाकर अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। परिजन की तलाश जारी है।
हत्या के बाद गांव में पसरा सन्नाटा, घरों पर लटका मिला ताला
कासगंज के ढोलना थाना इलाके के गांव में किशोरी की हत्या के बाद रविवार को सन्नाटा फैला रहा। घटना की सूचना मिलने पर जब तक पुलिस गांव पहुंची, तब तक किशोरी व प्रेमी के परिजन समेत अन्य ग्रामीण घरों पर ताला डालकर चले गए। पुलिस को भी घटना की जानकारी जुटाने में दिक्कतें हुई।
गांव में किशोरी और उसके प्रेमी के मकान के बीच की दूरी 100 मीटर से भी कम है। परिजन के किशोरी की हत्या कर शव को जलाने की जानकारी रविवार की सुबह गांव के लोगों को हुई तो वह भी सहम गए। ढोलना थाना से पुलिस टीम जब तक गांव में घटनास्थल तक पहुंची, तब तक अधिकांश ग्रामीण घरों पर ताला लगाकर गांव से जा चुके थे।
दो-तीन मकान के दरवाजे खुले थे। उनमें भी सिर्फ महिलाएं थी। पुरुष गांव में नहीं थे। पुलिस ने पहले गांव पहुंचकर श्मशान में चिता की आग बुझाई। इसके बाद पूछताछ के लिए गांव पहुंची तो वहां कोई घटना की सही जानकारी देने वाला मौजूद नहीं था। किशोरी और उसके प्रेमी के घर पर ताले लटके मिले।
आसपास के घरों का भी यही हाल था। गांव में सिर्फ प्रधान प्रतिनिधि और किशोरी का प्रेमी मौजूद मिला। काफी देर तक पुलिस वही बैठकर किशोरी के घर का ताला खुलवाने का प्रयास करती रही। करीब डेढ़ घंटे बाद किशोरी के घर का ताला खुलवाकर पुलिस अंदर दाखिल हुई और आगे जांच की।