प्रतापगढ़ में ट्रक से टकराई बाइक, एक युवक की मौत:मनगढ़ से लौट रहे चालक ने ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम
प्रतापगढ़ के लालगंज में बुधवार शाम 7:00 बजे लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर खजुरी गांव के पास एक ट्रक में पीछे से बाइक टकरा गई। मनगढ़ से घर लौट रहे तीन युवक इस हादसे का शिकार हुए। बाइक चला रहे उदयभान कोरी (28) की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सांगीपुर थाना क्षेत्र के उसरापट्टी गांव के उदयभान कोरी बुधवार को अपने गांव के सागर कोरी (28) और पहाड़पुर निवासी विजय सरोज (20) के साथ बाइक से मनगढ़ घूमने गए थे। शाम करीब सात बजे तीनों वापस लौट रहे थे।

खजुरी गांव के पास उनकी बाइक अचानक बेकाबू हो गई और आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने घायलों को तुरंत लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उदयभान को मृत घोषित कर दिया। सागर और विजय की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

उदयभान के परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। उनके पिता जगदीश ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। उदयभान भी मजदूरी करके परिवार का सहारा था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते ट्रामा सेंटर पहुंचे। परिवार में उनकी पत्नी माया और बच्चे आरिया, आरती व सूर्या का बुरा हाल है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
