सुल्तानपुर में बारिश का कहर: 6 कच्चे मकान गिरे:धान की फसल डूबी, गांवों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
सुल्तानपुर में लगातार चौथे दिन बुधवार को सुबह से शाम करीब 5 बजे तक तेज बारिश होती रही। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। धनपतगंज और भदैंया क्षेत्र में किसानों की धान की फसलें पानी में डूब गईं, जबकि कई पुराने कच्चे मकान और उनकी दीवारें गिर गईं। हालांकि, मकान गिरने की घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
93 मजदूरों के कागजों पर काम करने का आरोप
धनपतगंज ब्लॉक के टीकर गांव में VB-G RAM G योजना के तहत 93 मजदूरों के काम करने का दावा किया गया। बताया गया कि मजदूरों ने पक्की सड़क के किनारे पटरी की सफाई की थी। हालांकि, बारिश के दौरान ग्रामीणों ने इस काम को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि 93 मजदूरों की मजदूरी का काम सिर्फ कागजों पर दर्ज किया गया है।

10 बीघा से अधिक धान की फसल डूबी
धनपतगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत समरथपुर में लगातार बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। किसान परमात्मा यादव ने बताया कि उनकी 10 बीघा से अधिक धान की फसल पानी में डूब गई है। सरबजीत यादव, विनोद कुमार यादव, अमरजीत यादव और कैलाश यादव समेत कई अन्य किसानों की फसलें भी जलभराव की चपेट में हैं। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों से पानी नहीं निकल पा रहा है। इससे तैयार हो रही धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।

भदैंया में पुराने मकानों की दीवार और छप्पर गिरे
भदैंया के बजेठी गांव में जल निकासी बाधित होने के कारण पानी भर गया। यहां सजनलाल गौतम, रिजवान शेख, श्रीराम गौतम और जगन्नाथ शर्मा के पुराने मकानों की दीवारें और छप्पर गिर गए। गनीमत रही कि हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, कई अन्य पुराने मकान भी लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गए हैं और उनके गिरने का खतरा बना हुआ है। भदैंया के दाऊदपट्टी में अब्दुल अजीज की पत्नी जिन्नातुन निशा का मकान भी तेज बारिश के कारण ढह गया। इससे परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है

सड़क पर जलभराव, आवागमन प्रभावित
भदैंया के खजुरी स्थित कल्यानपट्टी गांव में सड़क पर पानी भरने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, अखंडनगर में करीब दो घंटे तक लगातार बारिश होती रही। बारिश थमने की उम्मीद में लोग घरों में ही रहे।
गोसाईंगंज के नटौली इंटर कॉलेज के आगे रायपट्टी गांव के पास बने नए पुल पर मिट्टी डालने से रास्ता खराब हो गया है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

34.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड
अयोध्या के कुमारगंज कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति 4.5 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि 34.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।