उत्तरप्रदेशअपराधआजमगढ़ नदी में मिली नाबालिग छात्रा की लाश, दुष्कर्म की आशंका, परिजन बोले- बेटी की हत्या की गई By Pratibha Rajdar Last updated Mar 21, 2026 336 आजमगढ़ जिले में नाबालिग छात्रा की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला फूलपुर थाना क्षेत्र के खुटौली गांव का है, जहां 17 वर्षीय छात्रा शिवांगी प्रजापति का शव तमसा नदी में मिलने के बाद परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार ने पुलिस पर मामले को दबाने का भी आरोप लगाया है। मृतका के पिता मनोज कुमार प्रजापति के अनुसार, उनकी बेटी 15 मार्च की शाम अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और नामजद तहरीर देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से लेने के बजाय केवल गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया। परिवार का आरोप है कि यदि शुरुआत में ही पुलिस ने सक्रियता दिखाई होती, तो शायद उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती थी। दो दिन बाद, 17 मार्च को छात्रा का शव तमसा नदी में मिला। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक व आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों का कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध थी और इससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका और मजबूत होती है। कार्रवाई की मांग परिवार के मुताबिक, पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें कुछ आपत्तिजनक चैट सामने आई। इसके बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसको लेकर परिजनों में नाराजगी है और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। साथ ही उन्होंने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई। एसपी ने परिजनों को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है और जांच को गंभीरता से कराने की बात कही है। वहीं, इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश व्याप्त है। लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों की निगाहें अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। 336 Share