गर्लफ्रेंड की हत्या कर टकला हो गया बॉयफ्रेंड:मुंबई से गोरखपुर लाया, चेहरा कूचा, न्यूड कर फेंकी लाश
गोरखपुर में 30 जनवरी की सुबह मुंबई की प्रिया शेट्टी (35) की हत्या करके लाश फेंक दी गई। कातिल ने प्रिया के चेहरे पर ईंट से कई वार किए। उसे पूरी तरह न्यूड कर दिया था। जिससे जब भी पुलिस को बॉडी मिले, तो महिला की पहचान न हो सके। लेकिन, 2 फरवरी को पुलिस कातिल बॉयफ्रेंड विजय कुमार साहनी तक पहुंच ही गई। सामने आया कि इस कत्ल में विजय की पत्नी भी शामिल थी। विजय ने प्रिया को गला घोंटकर मार डाला। उसे पता था कि लाश फेंकने की जगह से उसके घर के रास्ते में कई CCTV लगे हैं। इससे वह आसानी से पहचान लिया जाएगा।
इसलिए विजय ने सिर के बाल और दाढ़ी मुंडवा दी। उसकी पत्नी ने कपड़े नदी में फेंक दिए। लेकिन, ये दांव-पेंच काम नहीं आए। पुलिस को विजय CCTV में दिख गया। उसने कत्ल के वक्त अपने ससुर रामबिलास की स्कूटी का इस्तेमाल किया था। इसलिए पुलिस ने ससुर को भी आरोपी बनाया है। पुलिस ने विजय साहनी, उसकी पत्नी संध्या साहनी और ससुर रामबिलास साहनी को जेल भेजा है।
अब कत्ल की कहानी पूरी पढ़िए…
मुंबई की महिला से इश्योरेंस के लिए मुलाकात हुई
इस के स को लेकर SP नॉर्थ ज्ञानेंद्र प्रसाद और SP साउथ दिनेश पुरी ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया- 30 जनवरी को पीपीगंज के बरघट्टा पुल के नीचे एक महिला की न्यूड लाश मिली थी।
इसके बाद CCTV और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस की एक टीम महिला की शिनाख्त कराने में जुट गई। इसी बीच घटना वाली रात CCTV में एक स्कूटी पर 3 लोग जाते दिखे। संदिग्ध मानकर उनके बारे में जानकारी जुटाई गई।
स्कूटी को ट्रेस करते हुए हम लोग विजय तक पहुंच गए। विजय साहनी ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में बीमा का काम करता है। इसमें उसे करीब डेढ़ लाख रुपए हर महीने मिलते हैं। साल- 2012 में प्रिया शेट्टी से काम के सिलसिले में उसकी पहली बार मुलाकात हुई थी।
लिव-इन में बेटा होने के बाद दूरियां बढ़ीं
विजय ने बताया- कुछ मुलाकातों के बाद प्रिया से नजदीकियां बढ़ीं, तो मैं कमरा लेकर उसके साथ लिव-इन में रहने लगा। इसी बीच हमने एक मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद प्रिया को एक बेटा भी हुआ। बेटे की उम्र इस समय 13 साल है।
बेटा पैदा होने के बाद मेरी प्रिया से दूरियां बढ़ने लगीं। बाद में मैं प्रिया से अलग हो गया। मुंबई में तलाक के लिए कोर्ट में एप्लिकेशन भी दिया था। लेकिन, प्रिया ने किराए का घर बदल दिया था। इसके चलते कागजी प्रक्रिया नहीं पूरी हो पाई।
विजय ने बताया- इसी बीच मैं गोरखपुर अपने घर आ गया। साल- 2014 में घरवालों ने मेरा रिश्ता तय कर संध्या से शादी करा दी। शादी के बाद मैं पत्नी को लेकर मुंबई चला गया। वहां एक साल बाद इंस्टाग्राम के जरिए फिर प्रिया मेरे संपर्क में आ गई।
मैं फिर से उससे मिलने-जुलने लगा। उसके साथ दो-दो महीने तक बाहर चला जाता था। कई बार मेरी पत्नी ने मुंबई के थाने पर मेरी मिसिंग का एप्लिकेशन भी दिया था। तब पुलिस ने मुझे प्रिया के घर से ढूंढ निकाला था।
इसी बीच पत्नी और घरवालों को भी मेरे और प्रिया के रिश्ते के बारे में पता चल गया। उधर, प्रिया भी मुझ पर घर ले जाने का दबाव बनाने लगी। प्रिया ने धमकी दी कि अगर मैं उसे अपने घर नहीं ले गया, तो मेरे गांव जाकर हंगामा करेगी। यह बात मैंने अपने ससुर और परिवारवालों को बताई। तब परिवार वालों ने कहा कि प्रिया को लेकर गोरखपुर आओ। यहां पर उससे बात होगी।
26 जनवरी को मुंबई से गोरखपुर आया
विजय ने बताया- 26 जनवरी को मैं पत्नी संध्या और प्रिया शेट्टी को लेकर गोरखपुर पहुंचा। यहां 2 दिन एक होटल में रुका। रामगढ़ताल और गोरखनाथ की सैर की। इस दौरान पत्नी और प्रेमिका के साथ खूब शराब पार्टी की। प्रिया बहुत ज्यादा शराब पी लेती थी। पीने के बाद वह बार-बार धमकी देती थी कि अगर मेरे साथ गलत हुआ, तो पूरे परिवार को गोरखपुर में बदनाम कर दूंगी।
29 जनवरी की शाम गोरखपुर से ऑटो बुक कराकर मैं पत्नी और प्रेमिका के साथ शराब पीते हुए पीपीगंज गया। रास्ते में ऑटो वाले को भी शराब पिलाई। मौज मस्ती करते हुए वो लोग पीपीगंज पहुंचे, जहां ऑटो वाले ने पैसे मांगे, तो उससे हमारा झगड़ा हो गया। तब विजय ने ऑटो वाले से कहा कि मैं भी यहीं का रहने वाला हूं। संध्या को दिखाते हुए कहा कि यह मेरी पत्नी है।
ऑटो वाले से झगड़ा होने के बाद सब लोग वहीं पर उतर गए। विजय ने अपने सुसराल में कॉल करके स्कूटी मंगवाई, जोकि उसके सुसर की थी। विजय ने कहा- पीपीगंज में संध्या और प्रिया को स्कूटी पर बैठाकर मैं सहजनवां के लिए निकला। रास्ते में एक जगह पर ठहरकर हम तीनों ने फिर शराब पी। यहीं पर प्रिया हंगामा करने लगी। तब संध्या ने उसे बड़ी मुश्किल से शांत कराया। इसके बाद वह नशे में जमीन पर लेट गई। तब किसी तरह संध्या के साथ मिलकर मैंने प्रिया को स्कूटी पर बैठाया।
विजय ने बताया- मैं स्कूटी चला रहा था। बीच में प्रिया और उसे पीछे से पकड़कर संध्या बैठी थी। तभी रास्ते में बरघट्टा पुल पड़ा। वहां गाड़ी रोककर फिर से हम तीनों ने शराब पी। वहां भी प्रिया हंगामा करने लगी। तब संध्या ने कहा कि इसको जान से मार देना चाहिए। इस पर मैंने प्रिया का तेजी से गला दबाया। नशे में हाेने की वजह से वह चिल्ला भी नहीं पाई। विजय ने बताया कि मारने के बाद पत्नी के साथ मिलकर उसकी लाश पुल से 20 फीट नीचे लेकर गया। वहां पर पहचान छिपाने के लिए पहले चेहरा कूच दिया। इसके बाद कपड़े निकालकर न्यूड कर दिया। फिर मैं और संध्या घर जाकर सो गए। अगले दिन सुबह नाई के पास जाकर मैंने बाल और दाढ़ी हटवाई, जिससे पहचान न हो पाए। पत्नी ने भी अपने कपड़े नदी में फेंक दिए थे।
ऑटो चालक से पुलिस को मिली मदद
SP ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया- इस केस को खोलने में ऑटो चालक की भी अहम भूमिका रही। सीसीटीवी में पहचान करने के बाद उससे पूछताछ की गई। उसने ही बताया कि एक युवक और दो महिलाएं थीं। इससे आरोपियों की पहचान करने में आसानी हुई। प्रिया का बेटा मुंबई में है। उसके परिचितों ने पहचान कर ली है। अब उसका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
अब ये जानिए कि महिला की लाश कैसे मिली थी…
सुबह टहलने वाले लोगों ने लाश देखी
गोरखपुर के पीपीगंज इलाके में 30 जनवरी (शुक्रवार) की सुबह 35 साल की महिला की न्यूड लाश मिली थी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। मौके से सबूत जुटाए। आशंका जताई जा गई कि किसी ने हत्या करके लाश यहां फेंकी है। पहचान छिपाने के लिए सिर कूच दिया गया था।इसके अलावा शरीर पर कई और जगहों पर चोट के निशान मिले।
पीपीगंज के बरघट्टा पुल के नीचे सुबह टहलने निकले लोगों ने महिला की लाश देखी थी। महिला के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था।शव जहां मिला था, वहां से पुल पर चढ़ते हुए बैरघट्टा गांव में डॉग स्क्वायड गया था। करीब 200 मीटर बाद डॉग लौट आया था। घटनास्थल पर थोड़ी दूर घसीटने के निशान भी मिले थे।