झारखंड भीषण हादसा, मेले में कार ने लोगों को रौंदा, 2 की मौत,12 घायल By Pratibha Rajdar Last updated Mar 15, 2026 33 झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला है। इस बार हादसा डोल मेला के दौरान हुआ, जहां एक अनियंत्रित कार भीड़ में घुस गई और मेले में आए लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है, वहीं गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर किया गया है। यह हादसा रांची के टाटीसिलवे इलाके के मानकीडीपा में आयोजित ऐतिहासिक डोल मेले के दौरान हुआ। हर साल की तरह इस वर्ष भी यहां डोल मेला आयोजित किया गया था। शनिवार को मेले का तीसरा दिन था और आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में लोग मेले का आनंद लेने पहुंचे थे। मेले के कारण सड़क के दोनों किनारों पर चाट-पुचका, चाउमीन, खिलौने और अन्य सामान की अस्थायी दुकानें लगी थीं, जिससे इलाके में भारी भीड़ थी। कार ने लोगों को रौंदा इसी दौरान अनगड़ा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे भीड़ में घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और देखते ही देखते कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। कार ने एक के बाद एक कई लोगों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई और मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हादसे में मृतकों की पहचान अनगड़ा निवासी भोला शर्मा और अनगड़ा मिलन चौक की रहने वाली रीमा कुमारी के रूप में हुई है. वहीं घायलों में पप्पू साव, सुलोचना देवी, रश्मि कुमारी, पूनम कुमारी, अरुणा एक्का, तारा देवी, रोशनी कुमारी, मोनिका देवी और आयुष सहित अन्य लोग शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। लोगों ने जाम की सड़क घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों शवों को टाटीसिलवे के बैंक मोड़ चौक पर रखकर प्रदर्शन किया और रांची खेलगांव रोड तथा रांची-मुरी रोड को जाम कर दिया। लोगों की मांग है कि आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी महीने में भी रांची में तेज रफ्तार एक काली थार कार ने सड़क पर कहर बरपाते हुए छह लोगों को टक्कर मार दी थी। उस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि पांच लोग घायल हुए थे। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार मालिक को गिरफ्तार कर लिया था। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। समाचार 33 Share