डॉक्टर ने यमुना में लगाई छलांग, इंस्टाग्राम वीडियो में मारपीट का आरोप; एसडीआरएफ समेत कई टीमें तलाश में जुटीं
औरैया। शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम एक चिकित्सक द्वारा यमुना नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। लखीमपुर खीरी निवासी डॉ. सौरभ वाजपेई, जो तिलक नगर स्थित रामऔतार हॉस्पिटल में कार्यरत थे, शाम करीब 5 बजे यमुना पुल पहुंचे। पुल से नदी में छलांग लगाने से पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट किए, जिनमें उन्होंने अपने साथ हुई कथित मारपीट और अपमान का जिक्र करते हुए कुछ लोगों को अपनी संभावित मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। वीडियो में डॉ. वाजपेई ने आरोप लगाया कि एक क्लीनिक संचालक के बहनोई ने उनके साथ थप्पड़ मारकर मारपीट की और गाली-गलौज की। उनका कहना था कि वह अपना कमरा शिफ्ट कर रहे थे, इसी दौरान विवाद हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोतवाली में शिकायत करने पर समझौते का दबाव बनाया गया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

डॉ. वाजपेई ने अपने वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठाएंगे। उन्होंने अस्पताल संचालक डॉ. एस.पी. सिंह को अपना बड़ा भाई बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया, लेकिन कुछ अन्य लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। देर शाम तक डॉक्टर का कोई पता नहीं चल सका था। उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्ष पहले कोतवाली आए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्लीनिक संचालक के बहनोई द्वारा थप्पड़ मारने की बात सामने आई है और दोनों पक्षों के बीच समझौते की प्रक्रिया चल रही थी। इसके बाद डॉक्टर के नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।