प्रेम जाल में फंसाकर युवती का मतांतरण, किया निकाह; प्रतापगढ़ पुलिस ने केस दर्ज कर दबोचा
प्रतापगढ़। प्रेम जाल में फंसाकर मुस्लिम युवक ने हिंदू युवती का मतांतरण करवा दिया। इसके बाद उससे निकाह भी कर लिया। निकाह के दूसरे दिन पुलिस ने आरोपित मुजाइद अली को निकाह के अभिलेख के साथ गिरफ्तार कर लिया। युवती को भी सकुशल बरामद किया गया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र का मामला
यह प्रकरण जिले के नवाबगंज थाने के एक गांव का है। एक महिला ने चार जून को थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि तीन जून की रात परिवार के सदस्य सो रहे थे। चार जून की सुबह उनकी 19 वर्षीय पुत्री घर पर नहीं मिली। परिवार ने खोजबीन की तो पता चला कि आरोपित मुजाइद अली पुत्र जाबिर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर भाग गया है।
आरोपित की गिरफ्तारी को पुलिस की दो टीमें लगी थीं
काफी तलाश के बावजूद लड़की का कोई पता नहीं चला। मुस्लिम युवक द्वारा लड़की को भगा ले जाने की सूचना पर पुलिस चौकन्नी हो गई। मुकदमा दर्ज करके धरपकड़ के लिए दो टीमें लगा दी गईं। थाना प्रभारी नवाबगंज संतोष सिंह के नेतृत्व में दारोगा विनय वर्मा ने टीम के साथ सटीक सूचना मिलने पर मंगलवार को कालाकांकर अंडरपास के बगल से 23 वर्षीय आरोपित मुजाइद अली को पकड़ लिया।
युवती से कलमा व नमाज पढ़वा रहा था
आरोपित मुजाइद अली के पास ई-स्टांप में निकाह का अनुबंध मिला। पूछताछ में पता चला कि आरोपित ने युवती का जबरन मतांतरण करवाकर उसे मुस्लिम धर्म मानने पर विवश कर दिया था। उससे कलमा व नमाज पढ़वा रहा था। वह उसे मुंबई लेकर भागने की तैयारी में था। इसके पहले पकड़ लिया गया। युवती के बयान के बाद आरोपित पर अवैध मतांतरण, जबरन निकाह करने, धमकी देने, अपहरण की धाराएं केस में शामिल कर ली गईं। प्रकरण संज्ञान में आते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपित पर केस दर्ज करके उसकी गिरफ्तारी कर ली गई है। केस की गहराई से जांच की जा रही है।
– बृजनंदन राय, एएसपी पश्चिमी