दूल्हा बना शूटर! शादी में 5 सेकंड में 17 राउंड फायरिंग का VIDEO वायरल, पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शादी समारोह के दौरान दूल्हे द्वारा फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर लगातार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि युवक ने करीब 5 सेकंड में 17 राउंड फायर किए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो करीब चार साल पुराना बताया जा रहा है।
शुरुआती जांच में यह वीडियो करीब चार साल पुराना बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक खुर्जा क्षेत्र के एक बड़े मीट कारोबारी का बेटा शादाब बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में शादाब की शादी के दौरान मेहमानों के सामने कथित तौर पर फायरिंग की गई थी। वीडियो में युवक हथियार लहराने के बाद लगातार फायरिंग करता नजर आ रहा है।
पिस्टल की पहचान और लाइसेंस की जांच
वायरल वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल को लेकर जिगाना पिस्टल होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि हथियार की वास्तविक पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार किसके नाम पर था और उस समय उसे रखने या इस्तेमाल करने की वैध अनुमति थी या नही। बताया गया है कि युवक के पिता हाजी शफी मीट कारोबारी है। स्थानीय स्तर पर यह भी दावा किया जा रहा है कि शादाब को हथियार रखने और उसे दिखाने का शौक है। हालांकि इन दावों की पुलिस स्तर पर पुष्टि की जा रही है।
पुलिस और खुफिया टीम जांच में जुटी
पुलिस अब वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और फायरिंग की जगह की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो वास्तव में कब और कहां बनाया गया था और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी था या नही। खुर्जा के सीओ शोभित कुमार के मुताबिक, दूल्हे की फायरिंग का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है।
वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और हथियार की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और खुफिया इकाई की टीम मामले की पड़ताल में जुटी है। हथियार की वैधता और फायरिंग से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।