2 पत्नियों के साथ 3-3 दिन रहेगा पति:सातवें दिन मनमर्जी करेगा; पहली बीवी की शिकायत पर पंचायत ने सुनाया फैसला
रामपुर में पंचायत ने अनोखा फरमान सुनाया है। एक युवक को दो पत्नियों के बीच 3-3 दिन के लिए बांट दिया है। हफ्ते के आखिरी दिन यानी वीकेंड पर पति को उसकी मर्जी पर छोड़ा गया है, जिसमें वह जिसके साथ भी रहना चाहे, रह सकता है। यह फैसला पहली पत्नी की शिकायत पर पंचायत ने सोमवार शाम करीब 3 बजे सुनाया। पीड़ित ने खर्च न मिलने पर पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस की पहल पर गांव के लोगों ने पंचायत के जरिए सुलह कराई। मामला जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर टांडा थाना क्षेत्र का है।
युवक ने 4 साल पहले दूसरी शादी की थी
दढ़ियाल नगर पंचायत के रहने वाले नजाकत की शादी 14 साल पहले उत्तराखंड की अशरा से हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। करीब 4 साल पहले युवक ने नेहा से दूसरी शादी कर ली। उसका कहना था कि अशरा से बेटा नहीं हो रहा है। हालांकि नेहा से भी उसे दो बेटियां ही हुईं। पति नेहा के साथ रहता है।
पति के व्यवहार से परेशान होकर पहली पत्नी ने सोमवार को पुलिस चौकी में शिकायत की। अशरा का कहना था कि दूसरी शादी के बाद से पति नजाकत का व्यवहार बदल गया है। वह नेहा के साथ ही रहता है और उसे भरण-पोषण के लिए खर्च भी नहीं देता है। दो बेटियों को पालना उसके लिए मुश्किल हो रहा है।
पंचायत का फैसला- पहली पत्नी को देना होगा खर्चा
पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही थी। उससे पहले ही गांव में पंचायत बैठ गई। 3-4 घंटे चली पंचायत के बाद पंचों ने अपना फैसला सुनाया। पंचायत ने कहा कि युवक को हफ्ते में तीन-तीन दिन दोनों पत्नियों के साथ रहना होगा। सप्ताह का एक दिन पति की मर्जी पर निर्भर रहेगा। इसके अलावा उसे पहली पत्नी के घर महीने भर का राशन और 2000 रुपये का खर्च भी देना होगा।