प्रतापगढ़ में प्रेमी से झगड़ा होने पर टावर पर चढ़ी प्रेमिका:’मेरे बॉयफ्रेंड को बुलाओ, तभी नीचे उतरूंगी’
“मेरे बॉयफ्रेंड को बुलाओ, तभी नीचे उतरूंगी, नहीं तो जान दे दूंगी। उसके बिना मैं नहीं जी सकती हूं…” यह कहते हुए रविवार को प्रतापगढ़ के फरेदूपुर गांव में एक 16 वर्षीय किशोरी ने हाई वोल्टेज ड्रामा खड़ा कर दिया। वह करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी को बुलाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही टावर के नीचे हजारों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने काफी देर तक किशोरी को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने भी किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी रही। करीब दो घंटे बाद प्रेमी को मौके पर बुलाया गया। प्रेमी के पहुंचने पर उसने कहा- “शादी करब, नीचे उतरि आवा”, जिसके बाद किशोरी टावर से नीचे उतर आई। नीचे आने के बाद पुलिस ने किशोरी और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। करीब दो घंटे तक यह पूरा घटनाक्रम चलता रहा। मामला कुंड़ा थाना क्षेत्र का है।

अब विस्तार से जानिए पूरा मामला
रविवार दोपहर करीब 4 बजे बाघराय थाना क्षेत्र की रहने वाली कक्षा 9 की एक किशोरी अपने घर से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वहां से वह चिल्लाने लगी- “मेरे बॉयफ्रेंड को बुलाओ, तभी नीचे उतरूंगी, नहीं तो जान दे दूंगी। उसके बिना मैं नहीं जी सकती हूं।” लड़की की आवाज सुनकर सड़क से गुजर रहे राहगीर रुक गए और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने उसे समझाकर नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुई। वह बार-बार टावर से कूदने की कोशिश भी कर रही थी। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई, लेकिन परिवार वालों के समझाने पर भी वह नहीं मानी।
स्थिति बिगड़ती देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार अलख शुक्ला, नायब तहसीलदार लालमन, कुंडा कोतवाल मनोज पांडेय और फायर ब्रिगेड प्रभारी सौरभ सक्सेना अपनी टीमों के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। करीब दो घंटे तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, लेकिन किशोरी पुलिस की बात भी मानने को तैयार नहीं थी। आखिरकार पुलिस ने उसके 17 वर्षीय प्रेमी को फोन कर मौके पर बुलाया।
हालांकि शुरुआत में किशोरी पुलिस की बात पर भरोसा नहीं कर रही थी। इसके बाद प्रेमी ने नीचे से आवाज लगाकर कहा- “नीचे उतर आओ, मैं शादी कर लूंगा।” इसके बाद किशोरी टावर से नीचे उतर आई। नीचे आने के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। लड़की के भाई ने बताया कि उसका प्रेमी उसी गांव का रहने वाला है। दोनों अक्सर मिलते थे, लेकिन उनके प्रेम संबंध की जानकारी परिवार को नहीं थी। किशोरी कक्षा 9 की छात्रा है।
प्रेमी का कहना है कि वह और किशोरी एक-दूसरे से लंबे समय से प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं, लेकिन परिजन उनके रिश्ते का विरोध कर रहे हैं। इसी वजह से किशोरी नाराज होकर टावर पर चढ़ गई। वहीं CO अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते किशोरी टावर पर चढ़ी थी, जिसे सकुशल नीचे उतार लिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें समझाया-बुझाया जा रहा है और परिजनों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।