‘प्रेमानंद महाराज के आश्रम जा रही हूं’, कहकर घर से निकली युवती लापता,वृंदावन पहुंचा परिवार
मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े मामलों के बीच एक और युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। नोएडा की रहने वाली 35 वर्षीय विभा के परिवार का कहना है कि वह 15 अगस्त को घर से यह कहकर निकली थी कि वह श्री हित राधा केली कुंज आश्रम जा रही है। इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटी। परिवार कई हफ्तों से उसकी तलाश कर रहा है। अब बेटी की तलाश में पिता उमेश सिंह परिजनों के साथ वृंदावन पहुंचे है।
15 अगस्त को घर से निकली थी विभा
परिजनों के मुताबिक, विभा MBA कर चुकी है और संत प्रेमानंद महाराज की बड़ी भक्त रही है। परिवार का कहना है कि वह पहले भी आश्रम गई थी और बाद में वापस घर लौट आई थी, लेकिन इस बार 15 अगस्त को घर से निकलने के बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उसकी तलाश अपने स्तर पर करने के साथ नोएडा पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
पिता उमेश सिंह का कहना है कि बेटी के अचानक लापता होने से पूरा परिवार परेशान है। कई दिनों तक तलाश करने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो वह परिजनों के साथ वृंदावन पहुंचे और श्री हित राधा केली कुंज आश्रम के बाहर जानकारी लेने की कोशिश की।
आश्रम में होने की आशंका
उमेश सिंह के मुताबिक, उन्होंने अपनी बेटी को आश्रम में प्रत्यक्ष तौर पर नहीं देखा है। हालांकि, बेटी की आस्था और पहले आश्रम आने-जाने के कारण परिवार को आशंका है कि वह वृंदावन या आश्रम के आसपास हो सकती है। परिवार का कहना है कि उन्हें किसी अनहोनी की चिंता सता रही है और वह हर संभावित जगह पर बेटी की तलाश कर रहे है। पिता ने पुलिस और संबंधित लोगों से उनकी बेटी को तलाशने में मदद करने की अपील की है। परिवार चाहता है कि विभा जहां भी हो, उसकी जल्द से जल्द जानकारी मिले और वह सुरक्षित घर लौटे।