बीएससी छात्र की हत्याः क्लास के बाहर 4 गोली मारी; इकलौते बेटे की लाश देख मां बेहोश; हंगामा, तोड़फोड़
वाराणसी के यूपी कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े बीएससी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने क्लासरूम के बाहर छात्र को 4 गोलियां मारीं। पिस्टल कूड़े के ढेर में फेंककर फरार हो गया। आरोपी भी इसी कॉलेज का छात्र है। वारदात की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे कला और सामाजिक विज्ञान संकाय के बाहर हुई। घायल छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23) को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद गुस्साए छात्रों ने कॉलेज परिसर में हंगामा कर दिया। कैंपस के अंदर कुर्सियां तोड़ दीं। बाहर दुकानों में तोड़फोड़ कर दी।
हालात बिगड़ता देख पुलिस ने कॉलेज के गेट बंद कर दिए। आसपास की 150 से अधिक दुकानों को बंद करा दिया। फिलहाल परिसर में सात थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। छात्र कॉलेज के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। इधर, ट्रॉमा सेंटर पहुंची मां इकलौते बेटे की लाश देखकर बेहोश हो गईं। परिजनों और मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। साथी छात्र भी फूट-फूट कर रोते नजर आए। एक छात्र ने रोते हुए कहा- “हमके हमार भाई चाही।”
मृतक छात्र गाजीपुर का रहने वाला था। सेकेंड ईयर में पढ़ रहा था। करीब 20 दिन पहले उसे चेचक निकल आई थी, जिसके चलते वह कॉलेज नहीं आ रहा था। ठीक होने के बाद वह आज ही कॉलेज पहुंचा था। वहीं, आरोपी मंजीत बीए सेकेंड ईयर का छात्र है। वाराणसी के चांदमारी इलाके का रहने वाला है।